प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना और विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की 100वीं जन्मजयंती समेत कई मुद्दों का जिक्र किया।
Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश में सीरियल ब्लास्ट होना आम बात हो गई थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और भारत आतंकवाद के खिलाफ करारा जवाब देने की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि 28 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना की ओर से आतंकवाद के खिलाफ सीमा पार जाकर किए गए सैन्य अभियान का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय भारतीय सेना ने जिस तरह का शौर्य दिखाया, उससे पूरी दुनिया हैरान थी। उनके मुताबिक, सर्जिकल स्ट्राइक ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का दुनिया के सामने एक नया उदाहरण पेश किया था।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बीते एक दशक के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत की ओर से की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक भारत ने बार-बार यह संदेश दिया है कि अगर आतंकवादी भारत की ओर आंख उठाएंगे तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ रहा है और इसके परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जनगणना को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। इस प्रक्रिया के तहत 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत चमोली के माणा गांव से हुई है। माणा को देश का पहला गांव कहा जाता है।
प्रधानमंत्री ने जनगणना को देश के प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने 15 अगस्त को भी देशवासियों से जनगणना की प्रक्रिया में अपना समय देने का आग्रह किया था। पीएम मोदी ने लोगों से इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करने की अपील की।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आज अशोक सिंघल की 100वीं जन्मजयंती है। उन्होंने संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया था। पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल ने समाज में रहकर तपस्वियों जैसा जीवन जिया।
प्रधानमंत्री ने रामजन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंघल की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने रामजन्मभूमि आंदोलन को दिशा और ऊर्जा देने का काम किया। पीएम मोदी के मुताबिक, आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर को साकार होते देखना उसी यात्रा का परिणाम है। इस तरह ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति के साथ-साथ जनगणना और देश के सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों पर भी अपनी बात रखी।