गोरखपुर में जलभराव पर रवि किशन और बीजेपी पार्षद में बहस, सपा-बसपा को लेकर भी तंज

Knews Desk– गोरखपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव को लेकर सदर सांसद रवि किशन शुक्ला और बेतियाहाता के बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बातचीत में दोनों ने शहर में जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर सवाल-जवाब किए और सपा-बसपा को लेकर एक-दूसरे पर राजनीतिक तंज भी कसे।

वायरल वीडियो में पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी जलभराव और तरकुलानी से पानी की निकासी को लेकर सांसद रवि किशन से सवाल करते सुनाई दे रहे हैं। इस दौरान रवि किशन पार्षद से कहते हैं कि क्या उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। जवाब में पार्षद कहते हैं कि अगर पानी भर गया तो क्या आदमी सपा ज्वाइन कर लेता है और सांसद से पूछते हैं कि उन्होंने बसपा ज्वाइन कर ली है क्या।

बातचीत के दौरान रवि किशन कहते हैं कि सभी जगह रेगुलेटर चालू हैं। इस पर पार्षद जवाब देते हैं कि अगर रेगुलेटर सही तरीके से ऑपरेट नहीं होगा तो पानी भरेगा ही। सांसद अधिकारियों से बात करने की बात कहते हैं। बातचीत में रवि किशन पार्षद को “ब्राह्मण देवता” भी कहते सुनाई देते हैं, जिस पर पार्षद जवाब देते हैं कि यहां ब्राह्मण की बात नहीं है, पूरा शहर डूब रहा है।

वीडियो के दूसरे हिस्से में पार्षद नौका विहार पहुंचकर सांसद को फोन करते दिखाई देते हैं। वह दावा करते हैं कि शाम करीब 6:56 बजे वह जनता के बीच नौका विहार में मौजूद हैं, लेकिन सांसद फोन नहीं उठा रहे हैं। पार्षद ने आरोप लगाया कि सांसद जनता और जनप्रतिनिधियों से झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण बारिश के बीच सांसद को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं देखनी चाहिए।

इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रदेश में जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक बारिश नहीं, बल्कि जलनिकासी व्यवस्था का फेल होना है। अखिलेश यादव ने नालियों और नालों में गंदगी तथा नदियों में गाद जमा होने को भी जलभराव की समस्या से जोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *