Knews Desk– एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट का रोमांच शुरू हो चुका है। आइची-नागोया में खेले जा रहे ग्रुप मुकाबलों में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया। नेपाल ने लेग स्पिनर कुशल भुर्तेल की शानदार गेंदबाजी के दम पर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 102 रन बनाए। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना टूर्नामेंट में उतरे अफगानिस्तान के बल्लेबाज नेपाल के स्पिनरों के सामने संघर्ष करते नजर आए। नजीबुल्लाह जादरान और फैसल खान ने 30-30 रन बनाए, लेकिन दोनों ने इसके लिए काफी गेंदें खेलीं। नेपाल की ओर से कुशल भुर्तेल ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। महज 31 रन के स्कोर पर टीम के 3 विकेट गिर गए। इसके बाद संदीप जोरा और पूर्व कप्तान रोहित पौडेल ने पारी को संभाला और धीरे-धीरे साझेदारी करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। नेपाल ने 18वें ओवर में 5 विकेट खोकर 103 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
नेपाल की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है, जबकि अफगानिस्तान को दो मैचों में पहली हार मिली है। हालांकि इस हार के बावजूद अफगानिस्तान की क्वार्टर फाइनल में जगह लगभग तय है।
पॉइंट्स टेबल में अफगानिस्तान अभी भी पहले स्थान पर है। टीम ने अपना पहला मुकाबला बड़े अंतर से जीता था। नेपाल फिलहाल दूसरे स्थान पर है। हर ग्रुप से दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। नेपाल का अगला मुकाबला जापान से होगा, लेकिन इस मैच के नतीजे का अफगानिस्तान के अगले दौर में पहुंचने पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।