इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर लग सकता है बैन, जॉर्जिया मेलोनी ने प्रस्ताव लाने का किया ऐलान

knews desk – इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्कूलों से जुड़े तीन अहम प्रस्तावों का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही ऐसा प्रावधान मंत्रिपरिषद के सामने रखेगी, जिसके तहत हर कक्षा में विदेशी छात्रों की अधिकतम संख्या कानूनी तौर पर तय की जाएगी। इसके अलावा गंभीर एकीकरण संबंधी समस्याओं वाले विदेशी छात्रों के माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सीखना अनिवार्य करने और स्कूलों में बुर्का व नकाब पर रोक लगाने का प्रस्ताव है।

मेलोनी ने रोम में अपनी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ के युवा संगठन के कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इटली आने और यहां अपना भविष्य बनाने की इच्छा रखने वालों को इतालवी भाषा सीखनी होगी, संस्कृति को समझना होगा और देश के नियमों का सम्मान करना होगा।

मेलोनी के प्रस्ताव के तहत स्कूलों में विदेशी छात्रों की संख्या को एक अधिकतम सीमा के जरिए नियंत्रित करने की बात कही गई है। हालांकि, अभी इस सीमा की सटीक संख्या तय नहीं की गई है। रॉयटर्स के मुताबिक इटली में मौजूदा समय में करीब 11.6 फीसदी छात्र गैर-नागरिक हैं।

दूसरे प्रस्ताव में उन विदेशी छात्रों के माता-पिता को इतालवी भाषा सीखने की बाध्यता का जिक्र है, जिनके बच्चों को स्कूल व्यवस्था में गंभीर एकीकरण संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार का प्रस्ताव स्कूलों में भाषा और सामाजिक एकीकरण से जुड़ी समस्याओं को संबोधित करने पर केंद्रित है।

तीसरे प्रस्ताव के तहत स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे चेहरे को ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है। मेलोनी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी युवा महिला को किसी कथित या वास्तविक परंपरा के नाम पर अपना चेहरा ढकने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

हालांकि, इन घोषणाओं को लागू करने के लिए अभी कानूनी प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है। फिलहाल ये सरकार की ओर से प्रस्तावित उपाय हैं और इनके अंतिम स्वरूप तथा लागू होने की प्रक्रिया पर आगे फैसला होना है। इटली में स्कूलों में विदेशी छात्रों की सीमा को लेकर पहले भी चर्चा हो चुकी है। राष्ट्रीय स्कूल प्रधानाचार्य संघ के अध्यक्ष एंटोनेलो जियानेली ने कहा है कि ऐसी सीमा को लागू करना तकनीकी रूप से मुश्किल हो सकता है, क्योंकि परिवार आमतौर पर अपने घर के नजदीक स्थित स्कूल में बच्चों का दाखिला कराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *