‘दिसंबर में तो मेरा इंडिया टूर है…’, शादी की अफवाहों पर समय रैना का मजेदार जवाब

Knews Desk – स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना और एक्ट्रेस मेधा शंकर की डेटिंग और शादी की अफवाहें पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है। इसके अलावा मेधा शंकर समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में भी नजर आई थीं, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।

हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया गया कि समय रैना और मेधा शंकर दिसंबर 2026 में शादी करने वाले हैं। पोस्ट में एक यूजर ने खुद को समय के परिवार का करीबी बताते हुए दावा किया था कि उनकी मां के अनुसार दोनों शादी की तैयारी कर रहे हैं।

इन दावों पर समय रैना ने अपने ही अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शादी की अफवाह वाली पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘दिसंबर में तो मेरा इंडिया टूर है, सॉरी मेधा, पोस्टपोन करना पड़ेगा।’ इसके साथ उन्होंने लता मंगेशकर का गाना ‘झूठ बोले कौवा काटे’ भी लगाया।

मेधा शंकर ने भी शादी की अफवाह पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बछड़े की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं शादी की बेबुनियाद अफवाहों को ऐसे ही नजरअंदाज करती हूं।’ उन्होंने इसके साथ फिल्म ‘वेलकम’ का गाना ‘किया किया’ लगाया।

समय और मेधा के बीच अफेयर की चर्चाएं उस समय शुरू हुई थीं, जब दोनों को एक पार्टी में साथ देखा गया था। इसके बाद मेधा समय के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ में जज के तौर पर नजर आईं। दोनों की वेकेशन से जुड़ी तस्वीरों में एक जैसे बैकग्राउंड को लेकर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने कयास लगाए कि दोनों साथ में छुट्टियां मना रहे थे।

हालांकि, शादी को लेकर सामने आई ताजा चर्चाओं पर दोनों की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिलहाल दिसंबर 2026 में शादी करने की बात की पुष्टि नहीं हुई है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो मेधा शंकर जल्द ही लक्ष्मण उतेकर के बैनर तले बन रही एक अनटाइटल्ड डिटेक्टिव कॉमेडी फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म में सनी कौशल और निमरत कौर भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं, समय रैना अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ को लेकर चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *