भागलपुर में BJP नेता की हत्या का खुलासा, पार्षद पत्नी गिरफ्तार; पति और भांजे की तलाश जारी

भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। SIT ने वार्ड 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश में उनकी भूमिका सामने आई है।

Knews Desk- बिहार के भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भागलपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की साजिश में उनकी संलिप्तता सामने आई।

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दीपिका कुमारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, हत्याकांड के अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।

पुलिस की जांच में कुतुबगंज स्थित काली माता मंदिर और महादेव तालाब के निर्माण व संचालन को लेकर विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता उमा भूषण तांती मंदिर के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व पार्षद और पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि मोदी से उनका विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, शशि मोदी और उसके भांजे कृष्णा मोदी ने कथित तौर पर उमा भूषण तांती को पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई और बाद में दिनदहाड़े गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।

पति और भांजा अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी शशि मोदी, उसका भांजा कृष्णा मोदी और एक अज्ञात शूटर अभी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।

हत्याकांड की निगरानी भागलपुर के SSP प्रमोद कुमार यादव और सिटी SP अतुलेश झा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *