Knews Desk– रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 16 नवंबर को कानपुर आएंगे। इस दौरान वह कानपुर से आनंद विहार के बीच प्रस्तावित कानपुर मेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। सांसद रमेश अवस्थी के मुताबिक, कानपुर मेल के शुभारंभ कार्यक्रम के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को आमंत्रित किया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। रेलमंत्री 16 नवंबर की शाम ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कानपुर से आनंद विहार के बीच इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। खासतौर पर कानपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। फिलहाल रात के समय कानपुर से श्रमशक्ति ट्रेन दिल्ली के लिए जाती है। कानपुर मेल रात 8 बजकर 40 मिनट पर कानपुर से रवाना होगी और सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन आनंद विहार से रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी।
ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में होगा। एलएचबी कोच वाली इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी की सुविधा उपलब्ध होगी। कानपुर मेल के संचालन से यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर उन यात्रियों को राहत मिल सकती है, जिन्हें मौजूदा ट्रेनों में कंफर्म सीट पाने में परेशानी होती है।