24 घंटे से ज्यादा ठप रहा Microsoft, अब Teams- Outlook और Copilot ने फिर पकड़ी रफ्तार

KNEWS DESK- माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। कंपनी की कई अहम सर्विस में आई ग्लोबल तकनीकी समस्या को 24 घंटे से ज्यादा समय बाद दूर कर दिया गया है। Microsoft ने शनिवार को जानकारी दी कि Teams, Outlook और Copilot समेत प्रभावित ऐप्स और सर्विस अब पूरी तरह सामान्य तरीके से काम कर रही हैं। इस आउटेज के चलते दुनियाभर की कई कंपनियों और सरकारी विभागों का कामकाज प्रभावित हुआ था।

माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में परेशानी 12 नवंबर 2026 से शुरू हुई थी। इसके कारण यूजर्स को ईमेल भेजने और रिसीव करने, कैलेंडर इस्तेमाल करने और ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने में दिक्कत आ रही थी। खासतौर पर उन कंपनियों पर इसका ज्यादा असर पड़ा, जहां रोजाना के ऑफिस काम के लिए Outlook और Teams का इस्तेमाल किया जाता है।

इस तकनीकी खामी का असर कितना व्यापक था, इसका अंदाजा Downdetector पर आई शिकायतों से लगाया जा सकता है। न्यूयॉर्क के समय के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे Microsoft की अलग-अलग सर्विस को लेकर शिकायतों का आंकड़ा लगभग 2 लाख तक पहुंच गया था। बाद में शिकायतों की संख्या कम हुई, लेकिन कुछ यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स इस्तेमाल करने में कुछ समय तक परेशानी होती रही।

कंपनी ने सर्विस को सामान्य करने के लिए तकनीकी स्तर पर कई बदलाव किए। इसमें नेटवर्क ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भेजना, सर्वर की क्षमता बढ़ाना और सिस्टम को स्थिर करने के लिए जरूरी सुधार करना शामिल था। Microsoft के मुताबिक अब सभी प्रभावित सर्विस पूरी तरह बहाल हो चुकी हैं।

इस आउटेज को लेकर Microsoft ने दुनियाभर के यूजर्स और पार्टनर्स से माफी भी मांगी। कंपनी ने कहा कि उसे इस घटना से ग्राहकों और पार्टनर्स को हुई परेशानी का अफसोस है और वह अपनी सर्विस पर यूजर्स के भरोसे की जिम्मेदारी को गंभीरता से लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *