KNEWS DESK- छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है। 14 नवंबर 2026, शनिवार को खरना या लोहंडा मनाया जा रहा है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से पूजा करते हैं और गुड़ की खीर, रोटी तथा फलों का प्रसाद तैयार कर छठी मैया और सूर्य देव को भोग लगाते हैं। खरना की पूजा के बाद व्रती सबसे पहले प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिसके साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
खरना 2026 का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, पटना में 14 नवंबर को खरना पूजा के लिए गोधूलि मुहूर्त शाम 05:01 बजे से 05:28 बजे तक रहेगा। यानी व्रतियों को पूजा के लिए कुल 27 मिनट का शुभ समय मिलेगा। पटना में सूर्यास्त भी करीब 05:28 बजे होगा। हालांकि, अलग-अलग शहरों में सूर्यास्त के समय में थोड़ा अंतर हो सकता है।
खरना के दिन पूजा सूर्यास्त के आसपास की जाती है। इस दौरान छठी मैया और सूर्य देव को गुड़ से बनी खीर, गेहूं की रोटी, केला और अन्य फलों का भोग लगाया जाता है।
खरना का प्रसाद कब ग्रहण करें?
पूजा पूरी होने के बाद सबसे पहले व्रती महाप्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और लोगों में प्रसाद बांटा जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास में प्रवेश करते हैं। इस दौरान अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है।
खरना पर कैसे तैयार होता है प्रसाद?
खरना का प्रसाद विशेष नियमों और पवित्रता के साथ तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इसके लिए मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है और आम की लकड़ी से प्रसाद बनाया जाता है। साठी के चावल, दूध और गुड़ से खीर तैयार की जाती है, जिसे रसियाव भी कहा जाता है। इसके साथ बिना नमक और तेल-घी के गेहूं की रोटी बनाई जाती है। केला और अन्य मौसमी फलों को भी प्रसाद में शामिल किया जाता है।
खरना के बाद शुरू होता है निर्जला व्रत
खरना की पूजा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। छठ पूजा के तीसरे दिन व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसके बाद चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होता है।