knews desk- केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है. CTET के 22वें संस्करण की परीक्षा 12 और 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी.
CBSE की ओर से जारी सूचना के अनुसार, CTET 2026 का आयोजन 12 और 13 दिसंबर को किया जाएगा. परीक्षा शहर और परीक्षा की तारीख की जानकारी अभ्यर्थियों को परीक्षा से लगभग 15 दिन पहले उपलब्ध कराई जाएगी. इसके बाद एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता और अन्य जरूरी विवरण दर्ज होंगे.
उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा. CBSE के मुताबिक, परीक्षा से दो दिन पहले CTET की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें.
Paper 1 और Paper 2 में क्या अंतर है?
CTET में दो पेपर होते हैं. Paper 1 पास करने वाले अभ्यर्थी कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने के लिए पात्र माने जाते हैं. वहीं, Paper 2 कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षक पदों के लिए होता है. उम्मीदवार अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार संबंधित पेपर में शामिल हो सकते हैं.
CTET क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवार केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय और आर्मी स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, CTET पास करना अपने आप में नौकरी की गारंटी नहीं है. संबंधित संस्थान की भर्ती प्रक्रिया और पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होती हैं.
CBSE आमतौर पर साल में दो बार CTET परीक्षा आयोजित करता है. ऐसे में उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ आवेदन, परीक्षा शहर, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट के लिए आधिकारिक पोर्टल चेक करते रहना चाहिए.