सहारनपुर में नशे की जरूरत पूरी करने के लिए तीन दोस्तों ने बाइक चोरी का रास्ता अपना लिया. सरसावा पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं.
Knews desk- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. सरसावा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करते थे. चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्रामीण इलाकों में 6 से 8 हजार रुपये में बेच दिया जाता था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी, वंश उर्फ राजा और गौरव के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीनों दोस्त नशे के आदी हैं. पैसों की जरूरत बढ़ने पर उन्होंने वाहन चोरी को कमाई का जरिया बना लिया. आरोपी ऐसी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे, जिन्हें बिना ज्यादा सुरक्षा के खड़ा किया जाता था.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सरसावा के अलावा सदर बाजार, चिलकाना और हरियाणा में भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की है. उन्होंने राधा स्वामी सत्संग व्यास, सरसावा से स्पेलेंडर और पीजीआई पिलखनी अस्पताल से प्लेटिना बाइक चोरी करने की जानकारी दी. इसके अलावा तेलीपुरा ठेके के पास चाबी लगी खड़ी बाइक चोरी करने की वारदात में भी शामिल होने की बात सामने आई है.
बंद पड़े ईंट भट्ठे से मिलीं चोरी की बाइकें
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों को नकुड़ रोड स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे के खंडहरों में छिपाकर रखते थे. पहचान छिपाने के लिए कुछ बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर घिस दिए गए थे. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां दबिश देकर 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं.
बरामद वाहनों में स्पेलेंडर प्लस, सुपर स्पेलेंडर और प्लेटिना बाइक शामिल हैं. इन सभी के चोरी होने के संबंध में सरसावा थाने में मुकदमे दर्ज थे.
बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की तैयारी में थे. इसी दौरान नकुड़-सरसावा मार्ग पर हाईवे पुल के नीचे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी की अतिरिक्त मोटरसाइकिलों और खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है.