knews desk – बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन के खाते में इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले वरुण धवन ने इसके बाद ‘बदलापुर’, ‘भेड़िया’ और ‘सुई धागा’ जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम किया। रोमांस, कॉमेडी और एक्शन के बाद अब वरुण धवन हॉरर जॉनर में भी अपना दम दिखाने वाले हैं। खास बात यह है कि वह यशराज फिल्म्स यानी YRF की पहली हॉरर फिल्म में बतौर लीड एक्टर नजर आएंगे। मेकर्स ने इस अनटाइटल्ड फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज भी लॉक कर दी है।
YRF की इस पहली हॉरर फिल्म का निर्देशन अभय पन्नू कर रहे हैं। इससे पहले वह ‘रॉकेट बॉयज’ जैसी वेब सीरीज के लिए तारीफ बटोर चुके हैं। इस फिल्म के जरिए अभय पन्नू बड़े पर्दे पर बतौर डायरेक्टर डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। वहीं, फिल्म को आदित्य चोपड़ा बना रहे हैं, जबकि यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
कब रिलीज होगी वरुण धवन की हॉरर फिल्म?
वरुण धवन की यह अपकमिंग हॉरर फिल्म 31 मार्च 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट लॉक होने के साथ यह भी साफ हो गया है कि फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होगी। यशराज फिल्म्स अब तक रोमांस, एक्शन, ड्रामा और थ्रिलर जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस प्रोजेक्ट के साथ पहली बार हॉरर जॉनर में कदम रखने जा रहा है।
वहीं, वरुण धवन के लिए भी यह फिल्म काफी खास है। साल 2018 में रिलीज हुई ‘सुई धागा: मेड इन इंडिया’ के बाद यह यशराज फिल्म्स के साथ उनकी दूसरी फिल्म होगी। हालांकि, इस बार वरुण धवन बिल्कुल अलग और खौफनाक अवतार में नजर आएंगे। 31 मार्च 2028 की रिलीज डेट सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ गई है।
बता दें कि साल 2026 में वरुण धवन की अब तक दो फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। जनवरी 2026 में उनकी मल्टी-स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज हुई थी। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ सिनेमाघरों में आई। इस फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड रोल में नजर आई थीं।