जन सुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह अपनी सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से पर्दे के पीछे मुलाकात कर सकते हैं, तो बिहार के विकास और बाढ़ राहत के लिए भी उनसे बातचीत करनी चाहिए.
kNEWS dESK- बिहार की राजनीति में बाढ़ के मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. जन सुराज पार्टी के प्रमुख और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अपनी सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से गुप्त रूप से मुलाकात करते हैं. किशोर ने सवाल उठाया कि जब वह सुरक्षा के लिए केंद्र के नेताओं से संपर्क कर सकते हैं, तो बिहार की समस्याओं के समाधान के लिए उनसे क्यों नहीं मिलते.
प्रशांत किशोर का यह बयान उस वक्त आया है, जब बिहार में बाढ़ को लेकर तेजस्वी यादव लगातार केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, किशोर के आरोपों पर तेजस्वी यादव की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
तेजस्वी की 5 हजार करोड़ रुपये की मांग पर पीके का पलटवार
पत्रकारों ने प्रशांत किशोर से तेजस्वी यादव के उस बयान पर सवाल किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित बिहार के लिए 5 हजार करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी. तेजस्वी ने कहा था कि उन्हें अभी तक केंद्र से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है.
इस पर प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर प्रधानमंत्री से मिलकर राज्य की समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि तेजस्वी अपनी सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से पर्दे के पीछे बातचीत कर सकते हैं, तो बिहार की बेहतरी के लिए भी उनसे मिलकर मदद मांग सकते हैं.
बाढ़ को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तेजस्वी के आरोप
बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है, लेकिन केंद्र की ओर से पर्याप्त राहत और सहायता नहीं दी जा रही है.
तेजस्वी के मुताबिक, बाढ़ के कारण अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने दावा किया कि करीब 45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं.
आरजेडी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बिहार के लिए किसी ठोस सहायता की घोषणा नहीं की गई है. उन्होंने केंद्र सरकार से 5 हजार करोड़ रुपये की तत्काल आर्थिक मदद देने की मांग की है. तेजस्वी का कहना है कि इस मांग पर अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है.