गुरुग्राम में महिला बाइकर को टक्कर मारकर फरार हुई कार, डैशकैम में कैद हुआ खौफनाक हादसा

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

kNEWS DESK- दिल्ली से सटे गुरुग्राम में हिट एंड रन का एक वीडियो सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक राइड के दौरान एक कार ने महिला राइडर की बाइक को साइड से टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही महिला सड़क पर दूर जा गिरी, जबकि बाइक काफी दूर तक घिसटती रही और उससे चिंगारियां निकलती दिखाई दीं.

हादसे का पूरा घटनाक्रम बाइक में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया. महिला राइडर की पहचान सिया के रूप में हुई है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज rebelwheels_sia पर हादसे का वीडियो साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया. सिया ने आरोप लगाया कि कार चालक और उसके साथ मौजूद लोग नशे में थे.

बाइक रोकने की कोशिश के बाद मारी टक्कर

सिया के मुताबिक, कार चालक ने पहले उनकी बाइक को रोकने की कोशिश की थी. जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी तो कार से टक्कर मार दी गई. हादसे के बाद उनके दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर उसे रोककर चालक से बात करने का प्रयास किया. हालांकि, चालक ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और वहां से चला गया.

गुरुग्राम पुलिस से कार्रवाई की मांग

जिस कार से हादसा हुआ, उसका नंबर HR30Y-4949 बताया जा रहा है. महिला राइडर ने गुरुग्राम पुलिस से लापरवाही से वाहन चलाने और टक्कर मारकर फरार होने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी गुरुग्राम पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को टैग कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं.

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. कार चालक के खिलाफ कार्रवाई और हादसे की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *