सागर जहरीली शराब कांड: पुलिस मुठभेड़ में 30 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब कांड के आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. उसके पास से देशी कट्टा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है.

Knews Desk- मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब मामले के आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. रविवार, 13 सितंबर की सुबह पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की थी.

पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब कांड का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा हुआ है. आशंका थी कि वह बंडा-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए छापरी स्थित अपने घर जा सकता है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें तैनात की गईं.

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने तीन गोलियां चलाईं. जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, शिवांजय राजपूत पहले से शराब तस्करी में शामिल रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

सीएम मोहन यादव ने कही सख्त कार्रवाई की बात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जहरीली शराब कांड को गंभीर घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में लापरवाही करने वालों पर भी कार्रवाई होगी.

मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले में हो रही कार्रवाई की लगातार निगरानी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *