KNEWS DESK- लद्दाख में कड़ाके की सर्दी के बीच लेह हिल काउंसिल चुनाव कराने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी बीच लेह एपेक्स बॉडी (LAB) के सदस्य और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दावा किया है कि उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। वांगचुक का आरोप है कि उनके घर के बाहर दर्जनों हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से कहा गया है कि उन्हें निषेधाज्ञा के तहत अपने घर पर रहने की सलाह दी गई है।
वांगचुक लद्दाख में 4 दिसंबर को होने वाले लेह हिल काउंसिल चुनाव को कड़ाके की सर्दी के कारण टालने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि दिसंबर और जनवरी के दौरान लद्दाख में बेहद ठंड पड़ती है और कई इलाकों में तापमान -30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। ऐसे में चुनाव कराने से बड़ी संख्या में लोग मतदान प्रक्रिया से दूर रह सकते हैं।
दरअसल, बुधवार देर रात सोनम वांगचुक NDS मेमोरियल पार्क में प्रस्तावित विरोध स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया और घर पर रहने की सलाह दी गई। इसके बाद प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में उनकी आवाजाही पर 60 दिनों के लिए पाबंदियां लगाए जाने की बात सामने आई। प्रशासन ने आशंका जताई कि उनके प्रदर्शनों से केंद्रशासित प्रदेश में फिर से शांति भंग हो सकती है।
वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर दावा किया कि वह हाउस अरेस्ट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर को दर्जनों हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों ने घेर रखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ज्यूडिशियल इन्क्वायरी कमीशन की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है और सर्दियों के बीच लेह हिल काउंसिल चुनाव कराने की इतनी जल्दी क्यों की जा रही है।
वांगचुक और LAB का कहना है कि दिसंबर और जनवरी लद्दाख के सबसे ठंडे और बर्फीले महीने होते हैं। उनके मुताबिक, इस अवधि में बड़ी आबादी पढ़ाई, छुट्टियों और तीर्थयात्रा सहित अलग-अलग कारणों से लद्दाख से बाहर चली जाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौसम विभाग की ओर से पूरे सप्ताह भारी बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। इसी आधार पर वह चुनाव को आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
वांगचुक और LAB ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी चुनाव टालने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि चुनाव नहीं टाले गए तो वे अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण लेकिन तेज आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, लद्दाख पुलिस ने कार्रवाई को लेकर अपना पक्ष रखा है। लद्दाख के डीजीपी आनंद जैन ने ‘X’ पर कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान लेह नगरपालिका की सीमा में सार्वजनिक रैलियों, विरोध प्रदर्शनों और अन्य सभाओं को नियंत्रित करने वाले आदेशों के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि लद्दाख के CEO और लेह DM की ओर से जारी निषेधाज्ञा के तहत सोनम वांगचुक को अपने आवास पर ही रहने की सलाह दी गई है।