आम आदमी पार्टी की दूसरी उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद पंजाब में पार्टी के भीतर टिकट को लेकर नाराजगी सामने आने लगी है। राजासांसी से टिकट नहीं मिलने के बाद पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और AAP के सीनियर नेता सुखदीप सिंह छीना ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
Knews Desk – आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। सूची सामने आने के बाद कुछ स्थानीय नेताओं में टिकट नहीं मिलने को लेकर नाराजगी देखने को मिली है। इसी बीच अमृतसर के राजासांसी से पार्टी के सीनियर नेता सुखदीप सिंह छीना ने AAP से इस्तीफा दे दिया।
AAP प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा इस्तीफा
सुखदीप सिंह छीना ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को अपना इस्तीफा भेजा है। इस्तीफे में उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ रहे हैं।
छीना पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर भी रहे हैं और अमृतसर के राजासांसी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के सीनियर नेताओं में शामिल थे। हालांकि, दूसरी सूची में राजासांसी से उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
आम आदमी पार्टी ने राजासांसी विधानसभा क्षेत्र से एक्ट्रेस सोनिया मान को अपना उम्मीदवार बनाया है। टिकट के ऐलान के बाद ही सुखदीप सिंह छीना के इस्तीफे ने पार्टी के भीतर टिकट वितरण को लेकर चल रही नाराजगी को सामने ला दिया है।
AAP ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के दो पूर्व करीबी सहयोगियों को भी टिकट दिया गया है। इसके अलावा दो ऐसे उम्मीदवारों को भी जगह मिली है, जिनके पार्टी में शामिल होने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था।
मजीठिया के पूर्व सहयोगियों को भी टिकट
तलबीर सिंह गिल को मजीठा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। वह कभी बिक्रम सिंह मजीठिया के निजी सहायक रहे थे और करीब दो दशकों तक उनके भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल रहे। मजीठा को मजीठिया परिवार का गढ़ माना जाता है और उनकी पत्नी गनीव कौर मजीठिया इस सीट से विधायक हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव के बाद मजीठिया और तलबीर सिंह गिल के रिश्तों में खटास आई थी। मई 2024 में गिल आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे और बाद में उन्हें मजीठा में पार्टी का ‘हल्का इंचार्ज’ नियुक्त किया गया। पार्टी ने इसी साल की शुरुआत में मजीठा सीट से उनकी उम्मीदवारी का ऐलान कर दिया था।
बिक्रम सिंह मजीठिया के एक और पूर्व सहयोगी सरबजोत सिंह साबी को मुकेरियां से उम्मीदवार बनाया गया है। साबी पहले शिरोमणि अकाली दल से जुड़े थे और मजीठिया के करीबी माने जाते थे। बाद में उन्होंने अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।
सुखदीप सिंह छीना का इस्तीफा ऐसे समय पर सामने आया है, जब AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी की है। अब राजासांसी में टिकट को लेकर सामने आई नाराजगी पार्टी के लिए एक नई राजनीतिक चुनौती बन गई है।