कच्चे तेल के उछाल के बावजूद डीजल पर बड़ा राहत दावा, PM मोदी बोले- 43 रुपये का बोझ सरकार ने उठाया

पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई थी। इसके बावजूद भारत में डीजल की कीमत में सिर्फ 7 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जबकि बाकी 43 रुपये का बोझ सरकार ने उठाया।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद केंद्र सरकार ने देश में डीजल की कीमतों का पूरा बोझ आम नागरिकों और किसानों पर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे थे कि डीजल की कीमत करीब 50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ानी पड़ सकती थी, लेकिन सरकार ने इसमें सिर्फ सात रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की और बाकी 43 रुपए का बोझ खुद उठाया।

पीएम मोदी के मुताबिक, इस फैसले के कारण सरकार को हर महीने करीब 14,000 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ ही हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। पीएम मोदी ने कहा कि जहां भारत में डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की गई, वहीं पड़ोसी देशों में डीजल के दाम 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गए।

सस्ती खाद के लिए 16 लाख करोड़ रुपए खर्च

किसानों को सस्ती दरों पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इसके लिए 16 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5,000 रुपए में मिलने वाला 50 किलोग्राम डीएपी का बैग भारतीय किसानों को सिर्फ 1,300 रुपए में उपलब्ध कराया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बीते एक दशक में भारतीय कृषि की सालाना वृद्धि दर चार प्रतिशत से अधिक रही है। उन्होंने विश्व बैंक के एक शोध का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी घटने की रफ्तार अधिक रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि कृषि देश की संस्कृति और सामाजिक जीवन का आधार है और इसे आधुनिक बनाए बिना विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब हर साल चार लाख करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के कृषि उत्पादों का निर्यात करता है। उन्होंने बताया कि भारत दूध, दलहन, जूट, चावल, गेहूं, कपास, फल-सब्जियों, मछली और मोटे अनाज के उत्पादन में दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक है।

उन्होंने बीते एक दशक के दौरान कृषि उत्पादन में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक इस अवधि में दूध उत्पादन में 70 प्रतिशत, अंडा उत्पादन में 90 प्रतिशत और मछली उत्पादन में दोगुने से अधिक की वृद्धि हुई है।

पीएम-कुसुम से लेकर कृषि विज्ञान केंद्रों तक पर जोर

किसानों को सशक्त बनाने के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के तहत करीब 12 लाख सोलर पंप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश में मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की संख्या 2014 के मुकाबले बढ़कर 8,400 से अधिक हो गई है।

पीएम मोदी के मुताबिक देश में 7,500 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र और 10,000 किसान उत्पादक संगठन यानी FPO काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने रसायन-मुक्त प्राकृतिक खेती को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक इस्तेमाल से धरती को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों से गेहूं, चावल और गन्ने पर ही निर्भर रहने के बजाय फसलों में विविधता लाने का आग्रह किया।

पीएम मोदी ने कहा कि फसल विविधता से किसानों के लिए आय के नए स्रोत तैयार हो सकते हैं और कृषि को बदलते बाजार तथा तकनीक के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *