कल्याण सिंह के परिवार में डबल सगाई की धूम, 80 हजार मेहमानों का इंतजाम; 1000 लोग बनाएंगे शाही खाना

अलीगढ़ के तालानगरी में 14 नवंबर को संदीप सिंह और सौरभ सिंह की सगाई होगी। करीब 100 बीघा में महलनुमा पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां 50 से 60 तरह के पकवान परोसे जाएंगे।

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के परिवार में 14 नवंबर को डबल सेलिब्रेशन होने जा रहा है। उनके पोते और प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह की मेघना चौधरी के साथ सगाई होगी, जबकि उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा त्यागी के साथ होगी। दोनों भाइयों की सगाई को लेकर अलीगढ़ के तालानगरी स्थित सौबी मैदान में भव्य तैयारियां की जा रही हैं।

सगाई समारोह के लिए करीब 100 बीघा क्षेत्र में महलनुमा पंडाल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में करीब 80 हजार मेहमानों के शामिल होने का इंतजाम किया गया है। समारोह के लिए चार मंच बनाए गए हैं और मेहमानों के लिए 50 से 60 तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे। भोजन व्यवस्था में करीब 1000 कर्मचारियों के लगाए जाने की संभावना है।

संदीप सिंह की मेघना चौधरी से होगी सगाई

संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी से हो रही है। दोनों की मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार गाजियाबाद में रहता है और उनकी पारिवारिक जड़ें अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव से जुड़ी हैं।

वहीं सौरभ सिंह वर्मा की सगाई अंतरा त्यागी से होगी। अंतरा के माता-पिता देवेश त्यागी और अनुराधा हैं।

हाई प्रोफाइल सगाई समारोह में बड़ी संख्या में वीआईपी और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पार्किंग के लिए 657 कारों की व्यवस्था की गई है। वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। इसके अलावा तीन स्थानों पर हेलिपैड भी तैयार किए जा रहे हैं।

CM योगी समेत कई दिग्गजों को न्योता

सगाई समारोह के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दोनों डिप्टी सीएम और कई अन्य दिग्गजों को न्योता दिया गया है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी के साथ प्रदेश सरकार के 25 से अधिक मंत्रियों और 100 से अधिक विधायकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अतरौली के गांव-गांव में समारोह के निमंत्रण पहुंचाए जा रहे हैं। मेहमानों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि अतरौली से 250 से अधिक गांवों को सगाई समारोह में आने का न्योता दिया गया है।

14 नवंबर को अलीगढ़ में सगाई समारोह के बाद 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में शादी होगी। इसके अगले दिन 27 नवंबर को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।

दिल्ली में होने वाली शादी के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता दिया गया है। राजवीर सिंह ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शादी का निमंत्रण दिया था। कल्याण सिंह के परिवार में होने वाले इस डबल सेलिब्रेशन को लेकर अलीगढ़ में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *