चंबा में दर्दनाक हादसा: मणिमहेश यात्रा पर जा रहे दो युवकों की मौत, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बाइक

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा पर निकले पठानकोट के दो युवकों की सड़क हादसे में जान चली गई। दुनाली और गैहरा के बीच मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Knews Desk- हिमाचल प्रदेश के भरमौर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमान मंदिर के पास मणिमहेश यात्रा पर जा रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर PB-35U-2347 से मणिमहेश यात्रा के लिए निकले थे। रात करीब आठ बजे के बाद जब वे दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद मोटरसाइकिल सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई में बचाव अभियान शुरू किया। खाई काफी गहरी होने के कारण दोनों शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया।

हादसे में दो युवकों की मौत

मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट और अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। दोनों मणिमहेश यात्रा के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवारों में मातम छा गया है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *