KNEWS DESK- इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के बीच 243 यात्रियों से भरी एक फेरी लापता हो गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 97 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, फेरी ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ शनिवार सुबह 10:33 बजे सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन के लिए रवाना हुई थी। जहाज को रविवार दोपहर करीब दो बजे बंजारमासिन पहुंचना था, लेकिन रविवार रात करीब दो बजे उससे संपर्क टूट गया। उस समय फेरी बंजारमासिन से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण में थी। जहाज की ऑपरेटर कंपनी PT Virgo ने रविवार सुबह 4:10 बजे अधिकारियों को पहली बार मदद की सूचना दी। बताया गया कि खराब मौसम और समुद्र की तेज लहरों के कारण फेरी मुश्किल में फंस गई थी।
जहाज और हेलिकॉप्टर से तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी, नौसेना, समुद्री पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। यात्रियों की तलाश के लिए कई जहाजों के साथ एक हेलिकॉप्टर भी लगाया गया है। आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी किसी यात्री के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
बचाव अभियान की निगरानी के लिए त्रिसक्ति पोर्ट क्षेत्र में ऑपरेशन सेंटर बनाया गया है। कई परिवार अपने रिश्तेदारों की जानकारी लेने के लिए बंदरगाह पहुंच रहे हैं। एक महिला ने बताया कि उसके आठ रिश्तेदार इस फेरी से लौट रहे थे। परिवार को आखिरी बार एक रिश्तेदार का वॉट्सऐप स्टेटस मिला था, जिसमें उसने समुद्र की तेज लहरों को लेकर डर जताया था।
इंडोनेशिया में 17 हजार से अधिक द्वीप हैं और फेरी यहां परिवहन का प्रमुख साधन हैं। इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक अन्य फेरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत हुई थी।