knews desk – बिग बॉस 13 से पहचान बनाने वाली शहनाज गिल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें बॉडी शेमिंग और पंजाबी भाषा की वजह से ट्रोल किया जाता था. अब उन्होंने कहा कि अपने शरीर के साथ कंफर्टेबल रहना सबसे जरूरी है.
बिग बॉस 13 में अपने देसी अंदाज और बेबाकी से दर्शकों का दिल जीतने वाली शहनाज गिल आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. कभी पंजाब की कटरीना कैफ के नाम से मशहूर रहीं शहनाज ने अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अलग मुकाम बनाया है. हालांकि, उनके लिए यह सफर आसान नहीं रहा. करियर की शुरुआत में उन्हें अपने पंजाबी डिक्शन, वजन और देसी अंदाज को लेकर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.
हाल ही में एक पॉडकास्ट में शहनाज ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि कैसे लोगों की आलोचनाओं ने उन्हें और मजबूत बनाया.
बिग बॉस में लोग कहते थे अनपढ़-गंवार
शहनाज गिल ने बातचीत के दौरान कहा कि बिग बॉस के घर में उन्हें उनकी बॉडी और भाषा की वजह से खूब ट्रोल किया जाता था. लोग उन्हें अनपढ़-गंवार तक कहते थे. हालांकि, उन्होंने इन बातों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया.
एक्ट्रेस ने कहा कि उनके अंदर पंजाबी टच था, जिसे लेकर लोग उन्हें निशाना बनाते थे. लेकिन बिग बॉस से बाहर आने के बाद उन्होंने साबित किया कि वजन कम करना कोई बड़ी बात नहीं है और इंसान की पहचान सिर्फ उसके शरीर से नहीं होती.
वजन बढ़ने पर भी गर्व महसूस करती हैं शहनाज
शहनाज ने अपने वजन को लेकर कहा कि कभी-कभी जब उनका वजन बढ़ जाता है, तो उन्हें इस बात पर गर्व महसूस होता है. उनके मुताबिक, अगर 4-5 किलो वजन बढ़ भी गया है, तो इसमें कोई परेशानी नहीं है.
उन्होंने कहा कि वजन में बदलाव होने पर लोग तुरंत प्रतिक्रिया देने लगते हैं. लेकिन अगर कोई व्यक्ति अपनी बॉडी के साथ कंफर्टेबल है और उसे अच्छा महसूस हो रहा है, तो यही सबसे जरूरी बात है.
‘दुनिया आखिर चाहती क्या है?’
शहनाज ने आगे कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि हर किसी को आवरग्लास फिगर क्यों जरूरी लगती है. उनके मुताबिक, हर इंसान का शरीर अलग होता है और सुंदरता का कोई एक पैमाना नहीं होना चाहिए.
उन्होंने बताया कि फिल्म ‘इश्कनामा’ के दौरान डायरेक्टर ने उन्हें चेहरा भरा हुआ दिखाने के लिए वजन बढ़ाने को कहा था. जब वह अपनी फिल्में देखती हैं, तो उन्हें खुद का गोलू-मोलू दिखना भी अच्छा लगता है.
वहीं, वजन घटाने पर लोग कहते हैं कि वह अच्छी नहीं लग रही हैं और वजन बढ़ाने पर उन्हें मोटी कहकर खुद पर काम करने की सलाह दी जाती है. ऐसे में शहनाज का सवाल है कि आखिर दुनिया चाहती क्या है?
शहनाज गिल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति को अपनी सेहत में कोई परेशानी नजर नहीं आ रही है, तो उसे अपने शरीर को लेकर दूसरों की बातों से परेशान नहीं होना चाहिए.
एक्ट्रेस का मानना है कि अपनी बॉडी के साथ सहज रहना और खुद को अच्छा महसूस कराना ज्यादा जरूरी है. शहनाज की ये बातें बॉडी शेमिंग का सामना कर रहे लोगों के लिए एक सकारात्मक संदेश देती हैं.