तेजस सिंह भदौरिया, कनिष्क श्रीवास्तव और अनुराधा प्रकाशगौड़ा ने बेहतरीन स्कोर के साथ नेशनल्स में बनाई जगह. महज 4 से 5 महीने की ट्रेनिंग में खिलाड़ियों की उपलब्धि, दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए तैयारी शुरू
Knews Desk – कानपुर के युवा निशानेबाजों ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के तीन खिलाड़ियों ने अलग-अलग राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अकैडमी में खुशी का माहौल है।
हाल ही में देहरादून में संपन्न हुई 45वीं नॉर्थ जोन पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के निशानेबाज तेजस सिंह भदौरिया और कनिष्क श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने 400 में से 357 अंक हासिल कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। खास बात यह है कि तेजस सिंह भदौरिया ने महज पांच महीने की शूटिंग प्रैक्टिस के बाद यह उपलब्धि हासिल की है।
खिलाड़ियों ने इस पल के लिए की लगातार कठिन परिश्रम
मैंटार अमर निगम ने बताया कि खिलाड़ियों को लगातार तकनीकी प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि तेजस ने कम समय में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह उसकी मेहनत और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इस प्रतियोगिता में अकैडमी की ओर से तीन अन्य पिस्टल निशानेबाजों ने भी हिस्सा लिया, जिनमें कोच अमर निगम, रोहन कुमार और इमरान खान शामिल रहे।
3 से 8 सितंबर तक भोपाल स्थित एमपी शूटिंग रेंज में आयोजित ऑल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह इंटर स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता में भी द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अकैडमी के तीन राइफल शूटर्स ने हिस्सा लिया, जिसमें अनुराधा प्रकाशगौड़ा केंचनगौद्र ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 400 में से 384 अंक हासिल किए और नेशनल चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई।
महज चार महीनों की ट्रेनिंग ने दिया नेश्नल का टिकट
कोच अविरल निगम ने बताया कि अनुराधा ने महज चार महीने की ट्रेनिंग के बाद यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कम समय में इस स्तर का प्रदर्शन कोचिंग की सटीक रणनीति के साथ-साथ खिलाड़ी की मेहनत और लगन का परिणाम है। प्रतियोगिता में अकैडमी के दो अन्य राइफल शूटर्स कार्तिक सोलंकी और पार्थ शुक्ला ने भी हिस्सा लिया। दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में राइफल शूटिंग की शुरुआत की है और प्रतियोगिता में अनुभव हासिल किया।
दिसंबर में होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप को लेकर अकैडमी के खिलाड़ी अभी से तैयारी में जुट गए हैं। खिलाड़ी पढ़ाई के साथ-साथ शूटिंग की नियमित ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार के साथ-साथ कानपुर शहर का नाम भी रोशन करना है।