Hanuman Ansh: 32वें दिन ‘धुरंधर 2’ को पछाड़ा, ‘हनुमान अंश’ की कमाई ने चौंकाया

KNEWS DESK – कम ही ऐसी फिल्में होती हैं, जो रिलीज के एक महीने बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखती हैं। इन दिनों ऐसी ही एक फिल्म ‘हनुमान अंश’ चर्चा में है। नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने अपनी कमाई से सभी को हैरान कर दिया है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी महज 2 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने अब एक और बड़ा कारनामा कर दिखाया है।

7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआत में धीमी कमाई की थी, लेकिन धीरे-धीरे फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिला। अब रिलीज के एक महीने बाद भी फिल्म की कमाई जारी है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 32वें दिन 10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।

‘धुरंधर 2’ से दोगुनी कमाई

‘हनुमान अंश’ के 32वें दिन के कलेक्शन की तुलना 2026 की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘धुरंधर 2’ से करें तो यह आंकड़ा और भी चौंकाने वाला है। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के 32वें दिन भारत में 5.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यानी ‘हनुमान अंश’ ने 32वें दिन इससे करीब दोगुना कलेक्शन किया है।

खास बात यह है कि ‘धुरंधर 2’ का 32वां दिन रविवार था, जबकि ‘हनुमान अंश’ ने अपना 32वां दिन सोमवार को पूरा किया। इसके बावजूद फिल्म ने 10 करोड़ रुपये की कमाई की।

‘हनुमान अंश’ का बजट महज 2 करोड़ रुपये बताया गया है। ऐसे में फिल्म ने 32वें दिन अकेले अपने बजट का करीब 5 गुना कमा लिया। 32 दिनों के बाद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 132.13 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

बजट से 66 गुना ज्यादा कमाई

फिल्म अब तक अपने बजट से करीब 66 गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है। इसी के साथ ‘हनुमान अंश’ को ब्लॉकबस्टर फिल्म माना जा रहा है। फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। रिलीज के एक महीने बाद भी फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर जारी है और अब नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म कितने और रिकॉर्ड अपने नाम करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *