शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की अटकलों के बीच बांग्लादेश की सरकार ने बड़ा दावा किया है। सरकार का कहना है कि भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की फिलहाल बांग्लादेश लौटने की कोई मंशा नहीं है। वहीं, हसीना की ओर से दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किए जाने की बात सामने आई है।
Knews Desk – बांग्लादेश के चीफ प्रॉसिक्यूटर मो. अमीनुल इस्लाम ने शेख हसीना की ओर से नए दस्तावेज जारी कराने की कोशिश को राजनीतिक दिखावा बताया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शेख हसीना को कोई नया ट्रैवल डॉक्यूमेंट या पासपोर्ट जारी नहीं किया जाएगा।
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्रों के जनआंदोलन के दौरान सत्ता गंवाने के बाद भारत आई थीं और तब से भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उन्हें भगोड़ा बताते हुए पासपोर्ट जारी करने से इनकार किया है। बांग्लादेश सरकार भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी कर चुकी है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है। मंत्रालय के मुताबिक, इस अनुरोध पर स्थापित प्रक्रियाओं के तहत विचार और जांच की जा रही है।
इस बीच बांग्लादेश अवामी लीग ने दावा किया है कि शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा रखती हैं और वहां कानूनी कार्यवाही का सामना करने के लिए तैयार हैं। पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट के मुताबिक, लंदन स्थित कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स के जरिए उनके वकीलों ने बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र भेजा है।
इस पत्र में नए दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया गया है। हसीना के वकीलों ने दावा किया है कि अंतरिम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से उनका मौजूदा बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द किए जाने की खबरें हैं।
वकीलों ने शेख हसीना की बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संधियों के तहत देश के दायित्वों का हवाला देते हुए नए दस्तावेज जारी करने की मांग की है।
शेख हसीना इससे पहले भी दिसंबर में स्वदेश लौटने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। विभिन्न मंचों के जरिए उन्होंने कहा था कि वह बांग्लादेश पहुंचकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। उनके सहयोगियों के मुताबिक, वापसी की तारीख दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद घोषित की जाएगी।
हालांकि, बांग्लादेश सरकार के मौजूदा बयान और शेख हसीना की ओर से सामने आए दावे में अंतर दिखाई दे रहा है। सरकार जहां उनकी वापसी की मंशा पर सवाल उठा रही है, वहीं हसीना के सहयोगियों का कहना है कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की तैयारी में हैं।