कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय खिलाड़ियों को यह फैसला खुद करने की छूट होगी कि वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना चाहते हैं या नहीं। हालांकि, उन्हें किसी भी तरह का उपहार स्वीकार करने की अनुमति नहीं होगी।
Knews Desk- भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय खिलाड़ियों पर हैंडशेक या बातचीत को लेकर कोई अनिवार्य निर्देश नहीं होगा। वे अपनी इच्छा और संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) की सलाह के आधार पर फैसला ले सकेंगे कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना है या नहीं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय दल को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों या अधिकारियों से किसी भी प्रकार का उपहार या गिफ्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मद्देनजर इस नियम का पालन अनिवार्य रहेगा।
इस बार पारंपरिक एथलीट्स विलेज की जगह ग्लासगो में खिलाड़ियों के ठहरने के लिए जोन आधारित व्यवस्था की गई है। इसी व्यवस्था के तहत भारत और पाकिस्तान के अधिकांश खिलाड़ी एक ही होटल में ठहरे हुए हैं। ऐसे में प्रतियोगिताओं के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के आमने-सामने आने और बातचीत होने की संभावना भी बढ़ गई है।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन अरशद नदीम भी एक ही जोन के होटल में रह रहे हैं। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात और संभावित बातचीत पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
बताया जा रहा है कि लॉन बॉल्स समेत कुछ अन्य राष्ट्रीय खेल महासंघों ने अपने खिलाड़ियों को यह स्पष्ट किया है कि यदि वे चाहें तो पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिला सकते हैं, हाई-फाइव कर सकते हैं या सामान्य बातचीत भी कर सकते हैं। अंतिम निर्णय खिलाड़ियों की व्यक्तिगत समझ और संबंधित महासंघ की सलाह के अनुसार लिया जाएगा।