डिलिमिटेशन बिल पर डीएमके का बड़ा यू-टर्न! समर्थन के लिए रखीं 2 बड़ी शर्तें

केंद्र की भाजपा सरकार के प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल को लेकर डीएमके ने समर्थन के संकेत दिए हैं। हालांकि, पार्टी ने इसके लिए दो अहम शर्तें रखी हैं। डीएमके की मांग है कि संसद में तमिलनाडु के मौजूदा प्रतिनिधित्व का प्रतिशत बरकरार रखा जाए और अगले 25 वर्षों तक सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी न हो।

Knews Desk – टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने हाल ही में डिलिमिटेशन के मुद्दे पर डीएमके से संपर्क किया था। इसके बाद डीएमके नेतृत्व ने अपनी मांगें सामने रखीं। पार्टी का कहना है कि अगर विधेयक में तमिलनाडु के संसद में मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रतिशत को बनाए रखने और अगले 25 वर्षों तक सीटों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं करने का प्रावधान किया जाता है, तो वह प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है।

डीएमके के एक वरिष्ठ नेता से जब पूछा गया कि क्या पार्टी सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने कहा कि हां, लेकिन इसके लिए विधेयक में 25 साल की फ्रीज अवधि और सभी राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व प्रतिशत को बनाए रखने का प्रावधान होना चाहिए।

नेता ने कहा कि अगर डीएमके ने पहले इस विधेयक का विरोध नहीं किया होता, तो शायद पार्टी को यह प्रस्ताव नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा दोनों मांगों को मान लेती है, तो डीएमके को कुछ खोना नहीं पड़ेगा, बल्कि भविष्य में फायदा ही होगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, डीएमके ने पहले परिसीमन का विरोध इसलिए किया था क्योंकि 2027 की जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से संसद में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कम हो सकता था। एक सूत्र ने कहा कि अगर नए मसौदा विधेयक में यह सुनिश्चित किया जाता है कि तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का प्रतिशत वही रहेगा और नई जनगणना के आधार पर अगला परिसीमन 25 साल बाद ही होगा, तो यह एक उचित समझौता होगा।

सूत्र ने यह भी पुष्टि की कि भाजपा ने हाल ही में डीएमके से संपर्क किया था और पार्टी ने अपनी मांगें भाजपा के सामने रख दी हैं। डीएमके का कहना है कि यह व्यवस्था तमिलनाडु और पार्टी दोनों के लिए फायदेमंद हो सकती है।

लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में 8 सांसद हैं। पार्टी का कहना रहा है कि वह परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि चाहती है कि यह प्रक्रिया सभी पक्षों के लिए निष्पक्ष हो। इससे पहले अगस्त में डीएमके ने विधानसभा में टीवीके सरकार के उस प्रस्ताव का समर्थन किया था, जिसमें केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को स्थिर रखने का आग्रह किया गया था।

इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव षणमुगम ने उन खबरों पर चिंता जताई है, जिनमें केंद्र सरकार और डीएमके के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर समझौता होने की बात कही गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सीपीएम की ओर से डीएमके से आग्रह है कि वह तमिलनाडु और दक्षिणी राज्यों के हितों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग रहे।

षणमुगम ने डीएमके नेतृत्व से अपील की कि वह अटकलों की कोई गुंजाइश छोड़े बिना परिसीमन पर अपना रुख स्पष्ट करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *