KNEWS DESK- लोकसभा का सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान सरकार के परिसीमन विधेयक पेश करने की उम्मीद है। बिल को लेकर विपक्षी दलों के रुख में मतभेद सामने आने लगे हैं। कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को दिल्ली बुलाया है, जबकि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने सांसदों को व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की बैठक में परिसीमन को लेकर चर्चा हुई। पार्टी के कई जिलाध्यक्षों ने महाराष्ट्र में बढ़ती आबादी के कारण विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन की जरूरत बताई। हालांकि, पार्टी ने कहा कि विधेयक के सभी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद ही अंतिम रुख तय किया जाएगा।
कांग्रेस ने सांसदों से 29 नवंबर सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचने को कहा है। वहीं, डीएमके ने कहा कि पहले नया बिल सामने आने दिया जाए, उसके बाद उसके प्रावधानों के आधार पर फैसला लिया जाएगा। YSRCP ने क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित होने की शर्त पर बिल का समर्थन करने की बात कही है।
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने दावा किया कि सरकार के पास विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी संख्या बल नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को संसद के एजेंडे की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर भी उन्होंने कहा कि फिलहाल विपक्ष के पास पूरी जानकारी नहीं है।