KNEWS DESK- रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्रों के लिए हांगकांग यूनिवर्सिटी ने खास अवसर दिया है। यूनिवर्सिटी ने चार साल के रोबोटिक्स इंजीनियरिंग प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। CBSE और ISC बोर्ड से 12वीं पास छात्र इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 12वीं में 93 फीसदी अंक होने चाहिए।
चार साल का है रोबोटिक्स इंजीनियरिंग प्रोग्राम
हांगकांग यूनिवर्सिटी का यह प्रोग्राम रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन और ऑटोनॉमस सिस्टम में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए तैयार किया गया है। इसे मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग, डेटा और सिस्टम इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग की फैकल्टी ने मिलकर तैयार किया है।
हांगकांग और शंघाई में पढ़ाई का मौका
इस प्रोग्राम की खासियत इसका हांगकांग-शंघाई स्टडी मॉडल है। कोर्स के तीसरे साल छात्रों को शंघाई स्थित HKU के ‘झांगजियांग बेस’ में पढ़ाई और टेक्नोलॉजी व एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को समझने का अवसर मिलेगा।
शंघाई में पढ़ाई के दौरान छात्रों को 50,000 हांगकांग डॉलर की स्कॉलरशिप के साथ हवाई किराया, रहने की व्यवस्था और दैनिक खर्च के लिए भत्ता भी दिया जाएगा।
रोबोटिक्स और AI की मिलेगी खास ट्रेनिंग
कोर्स के शुरुआती दो वर्षों में इंजीनियरिंग गणित, मैकेनिक्स, इलेक्ट्रिकल सर्किट, प्रोग्रामिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। आगे रोबोटिक मॉडलिंग, सेंसिंग और परसेप्शन, कंट्रोल सिस्टम, एम्बेडेड कंप्यूटिंग और AI आधारित ऑटोनॉमस सिस्टम की पढ़ाई होगी।
93 फीसदी अंकों वाले छात्र कर सकते हैं आवेदन
CBSE और CISCE बोर्ड से 93 फीसदी अंकों के साथ 12वीं पास छात्र इंटरनेशनल या नॉन-JUPAS एडमिशन प्रोसेस के जरिए आवेदन कर सकते हैं। चयन के दौरान शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ इंटरव्यू, पर्सनल स्टेटमेंट, रेफरेंस और अन्य दस्तावेजों का मूल्यांकन किया जाएगा।