परिसीमन बिल पर फिर सजेगी संसद में सियासी बिसात, 850 सीटों के प्रस्ताव पर किसका साथ-किसका विरोध?

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले आज मोदी कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें संसद सत्र के एजेंडे और रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस बैठक में परिसीमन बिल के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे सकती है। माना जा रहा है कि सरकार ने परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल के लिए जरूरी संख्या जुटाने की तैयारी कर ली है।

Knews Desk – संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संसदीय कार्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक लोकसभा की बैठक बुलाने और राज्यसभा के सभापति से 2 और 3 दिसंबर को सदन की बैठक बुलाने का आग्रह किया है। यानी लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चार दिन चलेगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 और 3 दिसंबर को दो दिन चलेगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को स्थगित कर दी जाएगी।

विशेष सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज दोपहर 1 बजे सेवातीर्थ में होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संसद सत्र के एजेंडे और रणनीति पर चर्चा होगी। इसी बैठक में सरकार परिसीमन बिल के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे सकती है। सरकार की ओर से महिला आरक्षण बिल को भी जल्द लाने के संकेत दिए जा रहे हैं।

परिसीमन बिल को लेकर सबसे बड़ा सवाल सरकार के दो-तिहाई बहुमत को लेकर है। मौजूदा 540 सदस्यीय सदन में अगर सभी सदस्य मतदान करते हैं तो बिल को पास कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी के 241 सांसद हैं और एनडीए के कुल 320 सांसद बताए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य दलों के समर्थन की संभावना जताई जा रही है।

डिलिमिटेशन बिल के समर्थन में YSRCP के 4, NCP(SP) के 8, DMK के 22, BAP के 1, UPPL के 1, ZPM के 1 और अन्य कुछ सांसदों के समर्थन की संभावना बताई जा रही है। इस समूह की कुल संख्या 39 बताई गई है। वहीं कांग्रेस के 98, ममता बनर्जी की पार्टी के 8, लेफ्ट के 9, AIMIM के 1, ASP (कांशीराम) के 1, केरल कांग्रेस के 1, MDMK के 1, VCK के 2, IUML के 3 और कुछ निर्दलीय सांसदों समेत कुल 125 सांसदों के विरोध की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के 37, AAP के 3, RJD के 4, JMM के 3, UBT के 3, NC के 1 और कुछ निर्दलीय सांसदों समेत कुल 55 सांसदों के वोटिंग से अलग रहने की संभावना बताई गई है। हालांकि, अंतिम स्थिति सदन में मतदान के समय ही स्पष्ट होगी।

इससे पहले 17 अप्रैल 2026 को 131वां संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक लोकसभा में मतदान के बाद गिर गया था। उस समय कुल 528 सांसदों ने मतदान किया था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। संविधान संशोधन के लिए जरूरी विशेष दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।

इस बार सरकार ने संख्या बल जुटाने के लिए रणनीति तेज कर दी है। INDIA ब्लॉक के भीतर भी परिसीमन को लेकर अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। शरद पवार की पार्टी NCP(SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने देशहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार का साथ देने के संकेत दिए हैं। वहीं महिला आरक्षण के मुद्दे पर शिवसेना UBT की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि 2023 में महिलाओं से किया गया वादा 2026 में पूरा करने का समय आ गया है।

परिसीमन के प्रस्तावित बिल को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सीटें शामिल होंगी। प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फॉर्मूला बताया जा रहा है। साथ ही दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए भी विशेष प्रावधान होने की बात कही जा रही है।

प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120, तमिलनाडु की 39 से बढ़कर 60, महाराष्ट्र की 48 से बढ़कर 72, पश्चिम बंगाल की 42 से बढ़कर 63 और बिहार की 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं। मौजूदा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर है।

डीएमके ने भी परिसीमन को लेकर अपनी शर्तें सामने रखी हैं। पार्टी ने मांग की है कि संसद में तमिलनाडु के मौजूदा प्रतिनिधित्व का प्रतिशत बरकरार रखा जाए और अगले 25 वर्षों तक सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी न की जाए। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा ने हाल ही में डीएमके से संपर्क किया था और पार्टी ने अपनी मांगें सामने रख दी हैं।

उधर, संसद का मॉनसून सत्र 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद समाप्त नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष सत्र से पहले मंत्रियों को विदेश यात्रा से बचने और अपनी तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए थे।

विशेष सत्र को लेकर विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने विशेष सत्र को संविधान पर हमला बताया है और परिसीमन तथा महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दल सरकार के संख्या बल पर भी सवाल उठा रहे हैं और इसे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार का गेम प्लान बता रहे हैं।

30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संसद सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *