KNEWS DESK- सहारा रेगिस्तान के एन्नेदी पठार से सामने आई एक रिसर्च ने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है। यहां बाज 26 किलो तक वजन वाले बबूनों का शिकार कर रहे हैं। वैज्ञानिकों को बबूनों की खोपड़ियों और हड्डियों पर बाज के पंजों के निशान मिले हैं। इस खोज के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या लाखों साल पहले इंसानों के पूर्वज भी शिकारी पक्षियों के निशाने पर रहे होंगे।
एन्नेदी पठार पर मिलीं बबूनों की हड्डियां
साल 2025 में सेंट एंड्रयूज यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर कैथरीन होबैटर और उनकी टीम ने उत्तरी चाड के एन्नेदी पठार पर रिसर्च की। यहां चट्टानों के नीचे 10 बबूनों की हड्डियां मिलीं, जिनमें 8 बड़े नर बबून थे। उनकी खोपड़ियों पर गहरे पंजों के निशान और कंधे की हड्डियों पर खरोंच मिलीं।
26.2 किलो के बबून ने चौंकाया
वैज्ञानिकों ने जांघ की हड्डी के आधार पर बबूनों का वजन आंका। इनका औसत वजन 22.2 किलो था, जबकि सबसे भारी बबून का वजन 26.2 किलो निकला। यह वजन शुरुआती मानव पूर्वजों के वजन के करीब माना जाता है।
बाज बबून को उठाता नहीं, चट्टान से गिराता है
वैज्ञानिकों के मुताबिक, वेरीऑक्स ईगल बड़े बबून को उठाकर नहीं ले जाता। वह ऊंची चट्टान पर बैठे बबून पर हमला करता है, जिससे वह नीचे गिर जाता है। इस तरह बाज को भारी शिकार उठाने की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या हमारे पूर्वज भी थे बाजों के निशाने पर?
ऑस्ट्रेलोपिथेकस जैसे शुरुआती मानव पूर्वज भी करीब 25 से 30 किलो वजन के होते थे और चट्टानी इलाकों में रहते थे। इसलिए वैज्ञानिकों के सामने अब यह सवाल है कि क्या उस दौर में शिकारी पक्षी इंसानों के पूर्वजों के लिए भी खतरा रहे होंगे। हालांकि, इस संभावना की पुष्टि के लिए अभी और सबूतों की जरूरत है।