बारिश में घर की सीलन से आ रही बदबू से हैं परेशान? इन आसान उपायों से मिलेगा राहत

KNEWS DESK- मानसून के मौसम में जहां बारिश गर्मी से राहत देती है, वहीं कई घरों में नमी और सीलन की समस्या बढ़ जाती है। लगातार बारिश के कारण दीवारों, फर्नीचर और कमरों में नमी जमा होने लगती है, जिससे घर के अंदर एक अजीब सी बदबू आने लगती है। यह दुर्गंध न सिर्फ घर के माहौल को खराब करती है, बल्कि कई बार सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो सकती है।

सीलन की इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए बाजार में कई प्रोडक्ट उपलब्ध हैं, लेकिन घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से भी बदबू को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

बेकिंग सोडा से दूर होगी नमी की गंध

बेकिंग सोडा सीलन की बदबू हटाने के लिए एक आसान और असरदार उपाय माना जाता है। इसे एक कटोरी या छोटे बर्तन में भरकर उस जगह रख दें जहां से ज्यादा बदबू आ रही है। बेकिंग सोडा हवा में मौजूद नमी को सोखने में मदद करता है और दुर्गंध पैदा करने वाले तत्वों को कम कर सकता है।

नींबू के छिलके और तेजपत्ता से घर में आएगी खुशबू

अगर घर में ताजगी बनाए रखना चाहते हैं तो नींबू के छिलके और तेजपत्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पानी में नींबू के छिलके और तेजपत्ता डालकर उबाल लें। इसकी खुशबू पूरे कमरे में फैल जाती है और सीलन की गंध कम महसूस होने लगती है। इसके अलावा यह उपाय घर में मौजूद छोटे कीड़े-मकौड़ों को दूर रखने में भी मदद कर सकता है।

कपूर और लौंग से हटाएं दुर्गंध

कपूर और लौंग का इस्तेमाल भी मानसून में फायदेमंद हो सकता है। एक कटोरी में कपूर की टिकिया और कुछ लौंग रखकर कमरे के कोनों में रखने से वातावरण में ताजगी बनी रहती है। कपूर का धुआं करने से भी कई लोग सीलन की गंध कम करने के लिए इसका उपयोग करते हैं।

एसेंशियल ऑयल से मिलेगी फ्रेश खुशबू

लैवेंडर, टी ट्री और लेमनग्रास जैसे एसेंशियल ऑयल घर की हवा को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। एक गिलास पानी में कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल की मिलाकर इसे कमरे के कोनों, पर्दों या फर्नीचर के आसपास स्प्रे किया जा सकता है। इनकी खुशबू से घर का वातावरण फ्रेश महसूस होता है।

नमक भी सोख सकता है नमी

सीलन वाले कोनों में एक कटोरी में मोटा नमक रख देना भी एक घरेलू उपाय है। नमक आसपास की नमी को सोखने में मदद करता है, जिससे बदबू कम हो सकती है। समय-समय पर नमक को बदलते रहना जरूरी है ताकि इसका असर बना रहे।

वेंटिलेशन का रखें खास ध्यान

सीलन की समस्या को कम करने के लिए घर में हवा का सही आवागमन होना बेहद जरूरी है। बारिश रुकने के बाद खिड़की और दरवाजे खोल दें ताकि ताजी हवा अंदर आ सके। इससे कमरे में जमा नमी कम होती है और बदबू भी धीरे-धीरे खत्म होने लगती है।

मानसून में घर को सूखा और हवादार रखना सीलन से बचने का सबसे आसान तरीका है। घरेलू उपायों के साथ अगर नमी की समस्या लगातार बनी रहे तो दीवारों और लीकेज की जांच करवाना भी जरूरी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *