रिलीज टालने के ट्रेंड पर नागार्जुन नाराज, टॉलीवुड को दी हॉलीवुड से सीख लेने की सलाह

KNEWS DESK – टॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्किनेनी नागार्जुन अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। अब उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ती देरी और रिलीज डेट टालने के चलन पर चिंता जताई है। हाल ही में अपने बेटे अखिल अक्किनेनी की फिल्म ‘लेनिन’ के सक्सेस इवेंट में पहुंचे नागार्जुन ने इंडस्ट्री के काम करने के तरीके पर खुलकर बात की।

नागार्जुन ने कहा कि फिल्मों की रिलीज डेट पहले से तय होने के बावजूद आखिरी समय में बदलाव करना एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हॉलीवुड में फिल्म निर्माता लंबे समय पहले रिलीज डेट घोषित कर देते हैं और उसी हिसाब से काम पूरा करते हैं, तो टॉलीवुड में ऐसा करने में परेशानी क्यों आती है।

पोस्ट-प्रोडक्शन में देरी पर जताई चिंता

अभिनेता ने कहा कि फिल्मों के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम समय पर पूरा नहीं होने की वजह से कई बार रिलीज डेट आगे बढ़ानी पड़ती है। इसका सीधा असर फिल्म के फाइनल आउटपुट पर पड़ता है। नागार्जुन ने टेक्नीशियन्स, डायरेक्टर्स और म्यूजिक टीम से अपील की कि फिल्म को रिलीज से कम से कम दो हफ्ते पहले पोस्ट-प्रोडक्शन टीम को सौंप देना चाहिए, ताकि फिल्म को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि यह सलाह सिर्फ दूसरों के लिए नहीं है, बल्कि उन्होंने खुद भी अपनी फिल्मों में आखिरी समय तक काम किया है।

क्रिस्टोफर नोलन का दिया उदाहरण

नागार्जुन ने हॉलीवुड का उदाहरण देते हुए मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हॉलीवुड में फिल्मों की रिलीज डेट काफी पहले घोषित कर दी जाती है और टीम उसी हिसाब से तैयारी करती है।

उन्होंने सवाल किया कि टॉलीवुड में जब रिलीज डेट तय कर दी जाती है तो उसे बार-बार बदलने की जरूरत क्यों पड़ती है। नागार्जुन के मुताबिक, तारीखों में बदलाव से दर्शकों की उम्मीदों के साथ-साथ फिल्म के बिजनेस पर भी असर पड़ता है।

पुराने दौर को किया याद

नागार्जुन ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले फिल्मों की फाइनल कॉपी रिलीज से काफी पहले तैयार हो जाती थी। उन्होंने अपनी फिल्मों ‘निन्ने पेल्लाडाटा’ और ‘अन्नमय्या’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उस समय रिलीज होने वाली कॉपी को टीम करीब एक महीने पहले ही देख लेती थी।

अभिनेता ने कहा कि उन्होंने अपनी फिल्म ‘लेनिन’ के लिए भी पहले 26 जून की रिलीज डेट तय की थी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरा नहीं होने की वजह से इसे आगे बढ़ाना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *