KNEWS DESK – दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अब फिल्म इंडस्ट्री से भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है. उनकी बिगड़ती सेहत और लगातार कम होते वजन को लेकर चिंता जताई जा रही है. इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रखी है. सोनाक्षी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अब चुप नहीं रह सकतीं और देश के युवाओं से भी अपनी आवाज उठाने की अपील की.
सोनाक्षी ने वीडियो जारी कर जताया समर्थन
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक देश के लिए काम करने वाले व्यक्ति हैं और उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की हैं.
एक्ट्रेस ने कहा कि सोनम वांगचुक कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं और यह लड़ाई उनके निजी हित के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और आने वाली पीढ़ी के लिए है.
‘मुझसे रहा नहीं गया, मैं चुप नहीं बैठ सकती’
सोनाक्षी ने वीडियो में कहा कि उन्होंने पहले कभी इस तरह का बयान नहीं दिया, लेकिन इस मामले पर वह खुद को रोक नहीं पाईं.
https://www.instagram.com/reels/Da2Qsu0ib3-/
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति देश और बच्चों के भविष्य के लिए इतने लंबे समय से संघर्ष कर रहा है, तो इस पर चुप रहना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि अब जो होगा होगा, लेकिन वह अपनी आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगी.
युवाओं से की आवाज उठाने की अपील
सोनाक्षी ने कहा कि देश के युवा सच्चाई और बेहतर भविष्य के लिए आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर इस मुद्दे पर बातचीत क्यों नहीं हो रही है और कोई इस तरफ ध्यान क्यों नहीं दे रहा है.
उन्होंने कहा कि वह भी देश की युवा हैं और देश का भला चाहती हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अपनी बात रखना किसी भी तरह से देश विरोधी नहीं है.
‘जब तकलीफ बढ़ जाएगी तब जागेंगे?’
सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि हालात को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि क्या तब ध्यान दिया जाएगा जब स्थिति बहुत गंभीर हो जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी आंखें खोलें और जरूरी मुद्दों पर अपनी आवाज जरूर उठाएं.
सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर हैं. उनकी सेहत को लेकर लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं. इससे पहले भी कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और फिल्मी हस्तियों ने उनके समर्थन में अपनी बात रखी है. अब सोनाक्षी सिन्हा के बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.