नूर मोहम्मदी होटल में कैसे शुरू हुआ ‘चिकन संजू बाबा’? खुद एक्टर ने दी थी रेसिपी

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त के फैंस और मुंबई के फूड लवर्स के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मुंबई के भेंडी बाजार स्थित मशहूर नूर मोहम्मदी होटल पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां मिलने वाली संजय दत्त की खास रेसिपी ‘चिकन संजू बाबा’ के लिए मशहूर इस रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है.

FDA की छापेमारी में सामने आईं खामियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक, FDA की टीम ने नूर मोहम्मदी होटल का निरीक्षण किया था. इस दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं.

बताया गया कि किचन की फर्श और दीवारों पर गंदगी और तेल की परत जमी हुई थी. वहीं, कुछ जगहों पर मक्खियों और कीड़ों की मौजूदगी भी पाई गई, जिससे खाने की गुणवत्ता और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे.

इसके अलावा, पीने के पानी की शुद्धता और खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले खाद्य तेल से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे. इन खामियों को देखते हुए FDA ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

संजय दत्त से जुड़ा है 40 साल पुराना रिश्ता

नूर मोहम्मदी होटल और संजय दत्त का रिश्ता करीब चार दशक पुराना बताया जाता है. साल 1986 में होटल के मालिक खालिद हकीम ने रेनोवेशन के बाद संजय दत्त को आमंत्रित किया था.

https://www.instagram.com/reels/C5WX53Oxcqa/

कहा जाता है कि संजय दत्त को वहां का खाना इतना पसंद आया कि उन्होंने अपनी एक खास चिकन रेसिपी होटल के साथ साझा की. इस रेसिपी में खास मसालों, कश्मीरी मिर्च और दही का इस्तेमाल किया जाता था.

कैसे मशहूर हुआ ‘चिकन संजू बाबा’

संजय दत्त के सम्मान में इस खास डिश का नाम ‘चिकन संजू बाबा’ रखा गया. धीरे-धीरे यह डिश इतनी लोकप्रिय हो गई कि लोग सिर्फ इसका स्वाद लेने के लिए मुंबई के इस होटल में पहुंचने लगे.

कई बड़े नाम भी इस होटल के खाने के दीवाने रहे हैं. मशहूर पेंटर एम. एफ. हुसैन का नाम भी यहां के खास ग्राहकों में शामिल बताया जाता है.

संजय दत्त की रेसिपी से जुड़ी इस खास डिश की लोकप्रियता को देखते हुए FDA की कार्रवाई के बाद इसके चाहने वालों को निराशा हुई है. हालांकि, होटल की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *