महाराष्ट्र TET पेपर लीक केस में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी की पत्नी पटना से गिरफ्तार

Knews Desk- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बिहार के पटना स्थित शेरपुर गांव से की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें भिवंडी कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

इस कार्रवाई के साथ ही मामले की जांच का दायरा और बढ़ गया है। अब तक इस केस में चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता अभी फरार है। पुलिस जांच के अनुसार, बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस मामले में किसी तरह का आर्थिक लेन-देन हुआ था और क्या सुमन कुमारी फरार आरोपी तक पहुंचने में मदद कर सकती है।

आरोपी पक्ष के वकील ने अदालत में दलील दी कि सुमन कुमारी का इस मामले से सीधा संबंध नहीं है और उनका नाम केवल इसलिए सामने आया क्योंकि वह आरोपी की पत्नी हैं। उनके अनुसार, उन्होंने सिर्फ अपने पति से फोन पर बातचीत की थी। इस बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र कुमार गुप्ता बिहार के समस्तीपुर जिले के कुम्हरार गांव का रहने वाला है, लेकिन पुलिस की दबिश से पहले ही वह वहां से फरार हो गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि TET परीक्षा के प्रश्नपत्र आगरा में छापे गए थे और उन्हें दिल्ली के रास्ते महाराष्ट्र लाया गया था। इस मामले में पहले ही कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि आगरा से जुड़े चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। इसके अलावा जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी का नाम 2023 के ओडिशा SSC पेपर लीक मामले में भी सामने आ चुका है, जिसमें उसे पहले गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *