मध्य प्रदेश के रीवा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी के दौरान फूड अड्डा रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक, टॉयलेट में बर्तन धोए जा रहे थे और वहीं लगे बेसिन से पानी ग्राहकों को परोसा जा रहा था। कार्रवाई के बाद रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द कर उसे सील कर दिया गया।
Knews Desk – मध्य प्रदेश के रीवा में खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) ने शांति विहार कॉलोनी के सामने स्थित फूड अड्डा रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। इस दौरान स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक, रेस्टोरेंट के किचन के बर्तन टॉयलेट में धोए जा रहे थे। इतना ही नहीं, टॉयलेट में लगे बेसिन से पानी लेकर ग्राहकों की टेबल पर परोसा जा रहा था।
निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द कर दिया और परिसर को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।
डीप फ्रीजर में मिला कई दिनों से रखा बासी खाना
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, औचक निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के डीप फ्रीजर की हालत बेहद खराब मिली। उसमें कई दिनों से रखे पुराने और बासी खाद्य पदार्थ बरामद हुए। इसके अलावा पिज्जा ग्रिलर और खाना पकाने वाली कड़ाहियों की लंबे समय से सफाई नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।
रेस्टोरेंट में कटी हुई सब्जियां बिना ढके रखी मिलीं, जिन पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। इन खामियों ने खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
त्योहारी सीजन में कार्रवाई से मचा हड़कंप
त्योहारी सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से रीवा में रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई। रिपोर्ट के मुताबिक, कार्रवाई के बाद कई कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई पर ध्यान देना शुरू कर दिया।
फूड इंस्पेक्टर अमरीश दुबे के मुताबिक, निर्धारित मानकों को पूरा किए जाने तक रेस्टोरेंट का लाइसेंस बहाल नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।