जिन्ना को आदर्श मानने वाले सरदार पटेल के अनुयायी नहीं हो सकते: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद को समाज की एकता कमजोर करने वाली बीमारी बताते हुए ऐसी विभाजनकारी ताकतों का मिलकर मुकाबला करने का आह्वान किया।

Knews Desk- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के जीपीओ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस पर लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने वाले और समाज को बांटने वाले लोग सरदार पटेल के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते। उनके अनुसार, लौह पुरुष का अनुयायी वही है, जो भारत की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखता है।

सीएम योगी ने कहा कि जब शरीर की प्रतिरोधक क्षमता समाप्त हो जाती है, तब बीमारी पैदा होती है। इसी तरह जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद समाज की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करते हैं और आक्रांताओं को हमला करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटने से राष्ट्रीय एकता को खतरा होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 2014 से हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर डबल इंजन सरकार ने कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

अनुच्छेद-370 का जिक्र करते हुए योगी ने आरोप लगाया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भारत वाले कश्मीर में इसे लागू किया था, जबकि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कांग्रेस पर इसे लागू करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 को हमेशा के लिए दफन कर दिया और कश्मीर को उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की तरह भारत का हिस्सा बनाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय एकता के सामने चुनौतियां खड़ी करने और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *