KNEWS DESK – रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला ने पहले ही हफ्ते में ऐसा खुलासा किया है, जिसने दर्शकों और खासकर गौरव खन्ना के फैंस को चौंका दिया है। शो में उन्होंने बताया कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं, हालांकि इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को प्रोफेशनल तौर पर पूरा सपोर्ट किया।
मां बनने की सोच बनी दूरी की वजह
शो के हालिया एपिसोड में श्रेया कालरा से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने अपने रिश्ते और अलगाव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि शादी के समय उन्होंने गौरव को साफ कहा था कि वह मां नहीं बनना चाहतीं, और उस वक्त गौरव ने भी उनकी बात स्वीकार कर ली थी।
आकांक्षा ने कहा, “धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि मैं जीवन भर मां नहीं बनना चाहती। लेकिन मुझे यह भी महसूस हुआ कि गौरव के अंदर पिता बनने की इच्छा है। मैंने कई बार उन्हें बच्चों के प्रति प्यार और चाहत जाहिर करते देखा है, यहां तक कि ‘बिग बॉस’ में भी।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें ऐसा लगा कि वह गौरव की खुशी के रास्ते में आ रही हैं, इसलिए उन्होंने अलग होने का फैसला लिया।
एडॉप्शन पर भी कही बात
जब श्रेया कालरा ने सुझाव दिया कि दंपति एडॉप्शन का विकल्प चुन सकते हैं, तो आकांक्षा ने साफ कहा कि उनके अंदर मां बनने की भावना नहीं है और वह इस जिम्मेदारी के लिए खुद को तैयार नहीं महसूस करतीं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिंदगी को स्वतंत्र और फ्री तरीके से जीना चाहती हैं।
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। इससे पहले भी गौरव खन्ना ने रियलिटी शो में पिता बनने की इच्छा जाहिर की थी, जिसके बाद आकांक्षा को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।