हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर जोड़ी हैं….. G7 में मोदी-मेलोनी की मुलाकात से सोशल मीडिया पर फिर छाया ‘मेलोडी’ ट्रेंड

Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात का एक छोटा सा वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद ‘मेलोडी’ ट्रेंड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

G7 समिट के दौरान जब दुनिया के कई बड़े नेता, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल थे, समूह फोटो के लिए एकत्रित हो रहे थे, उसी समय पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर गर्मजोशी से अभिवादन किया। इस मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की बातचीत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

हालांकि वीडियो में ऑडियो स्पष्ट नहीं है, लेकिन ऐसा प्रतीत हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए मेलोनी से सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र कर रहे थे। इस पर जॉर्जिया मेलोनी ने भी मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी और कहा कि वे इंस्टाग्राम पर सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। यह हल्का-फुल्का और दोस्ताना संवाद लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं की मुलाकात चर्चा में आई हो। करीब एक महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी की रोम यात्रा के दौरान भी एक दिलचस्प पल सामने आया था। उस समय पीएम मोदी ने मेलोनी को भारत की लोकप्रिय ‘पारले मोमोज’ टॉफी का एक पैकेट उपहार में दिया था, जिसे सोशल मीडिया ट्रेंड ‘मेलोडी’ से जोड़कर देखा गया।

मेलोनी ने इस उपहार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया था। वीडियो में वह मुस्कुराते हुए टॉफी का पैकेट दिखाती नजर आईं और उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी उनके लिए एक खास उपहार लेकर आए हैं।

दोनों नेताओं के बीच यह सौहार्दपूर्ण और हल्के-फुल्के अंदाज वाली मुलाकातें सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही हैं, जिससे ‘मेलोडी’ ट्रेंड एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *