सारिका गुप्ता- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को औद्योगिक नगरी कानपुर पहुंचे। यहाँ मीडिया और कार्यकर्ताओं से बात करते हुए उन्होंने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में चल रही जांच, विपक्ष के बयानों और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया। डिप्टी सीएम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि राम मंदिर के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ी जांच-पड़ताल और कथित अनियमितताओं के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि जो भी जांच चल रही है, उसमें दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यों में लापरवाही करने वाले या गड़बड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, ऐसे लोगों पर सीधे श्री हनुमान जी महाराज की गदा चलेगी और उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।”
“PM मोदी के 12 साल बेमिसाल, कांग्रेस 120 साल में भी नहीं कर सकती ऐसा काम”
केंद्र सरकार के कार्यकाल का गौरव गान करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के ’12 साल बेमिसाल’ रहे हैं। इन 12 वर्षों के भीतर देश में जो ऐतिहासिक विकास कार्य और बुनियादी सुधार हुए हैं, वैसा काम कांग्रेस अपने 120 सालों के शासनकाल में भी कभी नहीं कर सकती थी।
“हिंदू समाज एकजुट है, सपा नेता उगल रहे हैं जहर”
हिंदू समाज की एकता पर गर्व जताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “आज देश का हिंदू समाज एकजुट हुआ है और इस एकजुटता पर हमें गर्व है। हिंदू समाज कभी किसी को सताने वाला समाज नहीं रहा है, यह हमेशा सबको साथ लेकर चलने वाला समाज है।” इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता और सांसद लगातार समाज में जहर उगलने का काम कर रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है।
“2027 में सपा का वही हाल होगा, जो बंगाल में TMC का हुआ”
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हुंकार भरते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता विपक्ष के इस नकारात्मक रवैये को देख रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का जो हश्र हुआ है, ठीक वही हश्र 2027 के चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर समाजवादी पार्टी का होने वाला है। सूबे की जनता 2027 में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सूपड़ा साफ करके उनके हर जहर का मुंहतोड़ जवाब देगी।