विनेश फोगाट को मिली राहत पर WFI का बड़ा कदम, सुप्रीम कोर्ट में अपील

Knews Desk-भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के बीच चल रहा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा विनेश फोगाट को एशियन गेम्स चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दिए जाने के बाद WFI ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। मामले की सुनवाई 29 मई को होने की संभावना है।

दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में WFI की चयन नीति पर सवाल उठाते हुए उसे भेदभावपूर्ण बताया था। कोर्ट ने कहा था कि विनेश फोगाट जैसी अनुभवी खिलाड़ी को ट्रायल से बाहर रखना उचित नहीं है। अदालत ने यह भी माना कि मातृत्व अवकाश जैसी परिस्थितियों को किसी महिला खिलाड़ी के खिलाफ आधार नहीं बनाया जा सकता। इसके बाद हाईकोर्ट ने विनेश को 30 और 31 मई को होने वाले एशियन गेम्स चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दी थी।

हाईकोर्ट ने ट्रायल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग कराने और स्वतंत्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी का भी आदेश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। विनेश फोगाट और WFI के बीच विवाद मई की शुरुआत से जारी है। WFI ने उन्हें घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक दिया था और एंटी डोपिंग नियमों के तहत नोटिस अवधि पूरी न करने का हवाला दिया था। इसके खिलाफ विनेश ने अदालत का रुख किया था।

अब WFI द्वारा सुप्रीम कोर्ट में अपील किए जाने के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। खेल जगत की नजरें अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर विनेश फोगाट के एशियन गेम्स में भाग लेने पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *