KNEWS DESK- भोपाल में पूर्व मॉडल और मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद जांच की कमान सीबीआई ने संभाल ली है और दिल्ली में नई एफआईआर दर्ज कर स्पेशल क्राइम यूनिट को भोपाल भेजा गया है। इसी बीच जांच में कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
इससे पहले मध्य प्रदेश पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान समर्थ ने दावा किया कि ट्विशा हाल ही में हुए अबॉर्शन के बाद मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने ट्विशा को करीब 7 लाख रुपये दिए थे।
हालांकि जांच अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान समर्थ कई बार विरोधाभासी बयान देते नजर आए, जिससे उनकी बातों पर संदेह और बढ़ गया है। SIT ने मौके पर क्राइम सीन का री-क्रिएशन भी किया और करीब दो घंटे तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इस दौरान समर्थ का मोबाइल, लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं ताकि किसी भी डिजिटल सबूत से छेड़छाड़ की संभावना न रहे।
अब इस मामले में सीबीआई ने समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की दहेज हत्या और प्रताड़ना से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी अब सभी डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों की गहराई से पड़ताल कर रही है।
यह मामला 12 मई 2026 का है, जब ट्विशा शर्मा का शव भोपाल स्थित उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने मामले को और उलझा दिया है। रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन शरीर पर पहले से चोटों के निशान भी मिले हैं, जो किसी कुंद वस्तु से चोट लगने की ओर इशारा करते हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को कम दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाली रात ट्विशा की मां ने फोन पर अपने दामाद के चिल्लाने की आवाज भी सुनी थी, जिसके तुरंत बाद कॉल कट गया और बाद में सास ने उनकी मौत की सूचना दी।
फिलहाल मामले की जांच सीबीआई के पास है और दिल्ली एम्स की टीम द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस रिपोर्ट से केस में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।