कोलकाता नाइट राइडर्स का धमाका! गुजरात को 29 रन से हराया, शुभमन गिल की कप्तानी पारी भी नहीं दिला सकी जीत

KNEWS DESK – Kolkata Knight Riders ने आईपीएल 2026 के बेहद अहम मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए Gujarat Titans को 29 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से जमकर चौके-छक्के देखने को मिले, लेकिन आखिर में बाजी KKR के हाथ लगी.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी Kolkata Knight Riders ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान Ajinkya Rahane और Finn Allen ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. रहाणे भले ही 14 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन फिन एलन ने मैदान पर आते ही गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.

एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. उनके आउट होने के बाद Angkrish Raghuvanshi और Cameron Green ने पारी को और आक्रामक अंदाज में आगे बढ़ाया. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की नाबाद साझेदारी की. रघुवंशी ने 44 गेंदों में 82 रन बनाए, जबकि ग्रीन ने 28 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली.

248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी Gujarat Titans की शुरुआत भी शानदार रही. Sai Sudharsan और कप्तान Shubman Gill ने तेजी से रन जुटाए, लेकिन तीसरे ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद सुदर्शन की कोहनी पर लग गई, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा.

इसके बाद शुभमन गिल और Jos Buttler ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा. दोनों के बीच 128 रन की बड़ी साझेदारी हुई. गिल ने 49 गेंदों में 85 रन बनाए, जबकि बटलर ने 57 रन की पारी खेली. बाद में साईं सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी करने लौटे और अंत तक नाबाद 53 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. गुजरात की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी.

इस जीत के बाद Kolkata Knight Riders के 12 मैचों में 11 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं Gujarat Titans 13 मैचों में 8 जीत के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. अब गुजरात की नजर अगले मुकाबले में जीत दर्ज कर प्लेऑफ का टिकट पक्का करने पर होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *