KNEWS DESK-अक्सर रात के खाने के बाद चावल बच जाते हैं और अगले दिन उन्हें दोबारा खाने का मन नहीं करता। ऐसे में ज्यादातर लोग समझ नहीं पाते कि इन बचे हुए चावलों का क्या किया जाए। अगर आपके घर में भी अक्सर चावल बच जाते हैं, तो अब उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं है। आप इन्हीं चावलों से बेहद स्वादिष्ट और मलाईदार कुल्फी तैयार कर सकते हैं।

खास बात यह है कि इस रेसिपी को बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आता है। दूध, चीनी और कुछ आसान चीजों की मदद से आप घर पर ही बाजार जैसी कुल्फी बना सकते हैं।
कुल्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप पके हुए चावल
- 500 मिली फुल क्रीम दूध
- स्वादानुसार चीनी
- 2 चम्मच कंडेंस्ड मिल्क
- आधा चम्मच इलायची पाउडर
- ड्राई फ्रूट्स जरूरत अनुसार
- कुल्फी मोल्ड या छोटे कप
फ्लेवर के लिए
- चॉकलेट सिरप या कोको पाउडर
- आम का पल्प या मैंगो क्रश
ऐसे तैयार करें कुल्फी का बेस
सबसे पहले मिक्सर में बचे हुए चावल और थोड़ा दूध डालकर स्मूद पेस्ट बना लें। अब एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें चावल का तैयार पेस्ट डाल दें।
धीमी आंच पर इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि यह अच्छे से गाढ़ा हो जाए। जब मिश्रण थोड़ा क्रीमी लगने लगे तब इसमें चीनी और कंडेंस्ड मिल्क डाल दें।
इसके बाद इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाकर कुछ मिनट और पकाएं. अब आपका कुल्फी बेस पूरी तरह तैयार है।
दो अलग-अलग फ्लेवर में बनाएं कुल्फी
अगर आप कुल्फी को और मजेदार बनाना चाहते हैं तो इसके दो अलग फ्लेवर भी तैयार कर सकते हैं। बेस के आधे हिस्से में चॉकलेट सिरप या कोको पाउडर मिलाएं। बाकी हिस्से में आम का पल्प या मैंगो क्रश डालें। दोनों मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर कुल्फी मोल्ड या छोटे कप में भर दें।
फ्रिज में जमाएं और ठंडी-ठंडी कुल्फी का लें मजा
अब तैयार मिश्रण को 6 से 8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। जब कुल्फी अच्छी तरह जम जाए तो मोल्ड को हल्के गुनगुने पानी में डुबोकर कुल्फी निकाल लें। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें और घर पर बनी स्वादिष्ट कुल्फी का आनंद लें।
यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है बल्कि बचे हुए खाने को दोबारा इस्तेमाल करने का एक शानदार तरीका भी है इससे खाना बर्बाद नहीं होता और परिवार को एक नई और टेस्टी मिठाई भी मिल जाती है।