उसने मेरे बेटे को मारा, लेकिन मैं………..सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या से मां का भावुक बयान

Knews Desk- पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक हिंसा की घटनाओं के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। यह घटना दोहाड़िया इलाके में उस समय हुई जब वे अपनी कार में मौजूद थे। हमलावरों ने पहले उनके ड्राइवर पर गोली चलाई और फिर चंद्रनाथ रथ पर कई गोलियां दाग दीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर बाइक से आए थे और पहले से रेकी कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया। इस बीच, मृतक चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ का बयान सामने आया है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि “उसने मेरे बेटे को मारा, लेकिन मैं उसे फांसी नहीं चाहती, मैं चाहती हूं कि उसे आजीवन कारावास मिले।” एक मां के रूप में उन्होंने न्याय की मांग तो की, लेकिन सख्त सजा की जगह जीवनभर की सजा की बात कही।

मां ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे को लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं और राजनीतिक तनाव के कारण परिवार को डर का माहौल झेलना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। चंद्रनाथ रथ का जीवन भी काफी प्रेरणादायक रहा है। वे एक मेधावी छात्र थे, रामकृष्ण मिशन से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में सेवा दी थी। बाद में वीआरएस लेकर वे राजनीति से जुड़े और सुवेंदु अधिकारी के साथ काम करने लगे। 2021 से वे उनके निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे।

इस घटना ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *