दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था। मामले में पुलिस को अब तक कुल 5 शिकायतें मिली हैं, लेकिन किसी पर भी FIR दर्ज नहीं हुई है।
Knews Desk– दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ विवाद में मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप मंत्री पर लगा था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, लेकिन फिलहाल किसी भी शिकायत को FIR में तब्दील नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इनमें एक शिकायत AAP विधायक जरनैल सिंह के सहयोगी साहेब सिंह की ओर से की गई है। वहीं, PWD विभाग से जुड़े कर्मचारियों की ओर से जरनैल सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दो शिकायतें दी गई हैं। इसके अलावा बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ कथित बदसलूकी को लेकर दो शिकायतें पुलिस को दी गई हैं।
सभी शिकायतें दिल्ली के विकासपुरी और तिलक मार्ग थानों में दी गई हैं। पुलिस इन शिकायतों की जांच कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, सड़क से जुड़ा विवाद विकासपुरी थाना क्षेत्र में आता है, जबकि गुरुद्वारा तिलक नगर थाना क्षेत्र में है। फिलहाल किसी भी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं हुई है।
बताया गया है कि रविवार को प्रवेश वर्मा तिलक नगर में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान AAP विधायक जरनैल सिंह और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ। वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा एक युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई देते हैं। युवक ने आरोप लगाया है कि उसका फोन छीना गया, उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकियां भी दी गईं।
वहीं, प्रवेश वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उन्होंने वही प्रतिक्रिया दी, जो कोई आम व्यक्ति करता। मंत्री ने यह भी दावा किया कि संबंधित युवक पहले से कुछ मामलों में आरोपी रहा है।
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। AAP नेताओं ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जबकि बीजेपी की ओर से भी घटना को लेकर अपने आरोप लगाए गए हैं। इस बीच प्रवेश वर्मा के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ाए जाने और बैरिकेडिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है।