जननायक एक्सप्रेस में बवाल का वायरल वीडियो, महिला घायल; चार महिलाओं समेत 6 पर FIR

KNEWS DESK– जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बिहार की रहने वाली महिला यात्री रूबी लहूलुहान हालत में दिखाई दे रही हैं और उनकी बेटियां उन्हें संभालती नजर आ रही हैं। मामले में पीड़ित पक्ष ने जीआरपी सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि एसपी रेलवे ने सिपाहियों पर हमला किए जाने का दावा किया है।

सीट विवाद के बाद बढ़ा मामला

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद से निकलने के बाद मतलबपुर के आसपास दो परिवारों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि सीट पर लेटी महिला रूबी और उनकी बेटियों का दूसरे परिवार से विवाद हुआ। एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात सिपाही ललित सागर और अजय कुमार ने बच्चे के साथ खड़ी महिला को बैठने की जगह देने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

एसपी रेलवे आशुतोष शुक्ला के अनुसार, इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और गाली-गलौच की गई। उनकी वर्दी फाड़ी गई और मोबाइल भी छीने गए। पुलिस के मुताबिक, उन्हें बंधक बनाने जैसी स्थिति भी बन गई थी।

महिला के घायल होने पर पुलिस की सफाई

महिला रूबी ने आरोप लगाया कि सिपाहियों ने उनकी बेटियों के सामने उनके साथ मारपीट की। उनके मुताबिक, धक्का-मुक्की में गिरने से उनके सिर और माथे में चोट लगी और खून निकलने लगा।

वहीं एसपी रेलवे ने कहा कि महिला और उनकी लड़कियों ने पुलिसकर्मी को पकड़कर थप्पड़ मारा था। सिपाही ने बचाव में धक्का दिया, जिससे महिला नीचे गिर गईं और हाथ की चूड़ी के कांच से माथे पर चोट लगने के कारण खून निकला।

6 लोगों पर FIR

घटना की सूचना मिलने पर नजीबाबाद में पुलिस और आरपीएफ ने ट्रेन को अटेंड किया। पुलिस के अनुसार, घायल एस्कॉर्ट कर्मियों को सुरक्षित निकाला गया और दो युवकों को ट्रेन से उतारा गया। मेडिकल परीक्षण के बाद चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *