WhatsApp का बड़ा कदम: अब Google Drive और iCloud से हटकर मिलेगा खुद का क्लाउड बैकअप सिस्टम

KNEWS DESK- दुनिया के सबसे लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अब अपना खुद का क्लाउड बैकअप सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है, जिससे यूजर्स को बैकअप के लिए थर्ड-पार्टी सेवाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

Google Drive और iCloud पर निर्भरता होगी कम

फिलहाल WhatsApp यूजर्स को चैट बैकअप के लिए Google Drive और iCloud जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करना पड़ता है। कंपनी का नया कदम इसी निर्भरता को कम करने की दिशा में देखा जा रहा है।

अगर कंपनी का खुद का क्लाउड सिस्टम लॉन्च होता है, तो यूजर्स अपनी चैट्स, फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट्स सीधे WhatsApp के सर्वर पर स्टोर कर सकेंगे।

यूजर्स को मिलेगा बैकअप का विकल्प

रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में यूजर्स के पास यह विकल्प होगा कि वे WhatsApp के खुद के क्लाउड स्टोरेज का इस्तेमाल करें। या फिर पहले की तरह Google Drive और iCloud जैसी थर्ड-पार्टी सेवाओं पर बैकअप रखें। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जिनका फ्री क्लाउड स्टोरेज जल्दी भर जाता है।

फ्री और पेड स्टोरेज प्लान की तैयारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस नए क्लाउड स्टोरेज सिस्टम के तहत अलग-अलग प्लान पेश कर सकती है। लगभग 2GB तक फ्री स्टोरेज, करीब 50GB का पेड प्लान, जिसकी कीमत लगभग $0.99 (करीब 94 रुपये) प्रति माह हो सकती है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि फ्री स्टोरेज सभी यूजर्स को मिलेगा या सिर्फ सब्सक्रिप्शन लेने वालों को।

Android यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव

इस समय Android यूजर्स पूरी तरह से Google Drive पर निर्भर हैं, जहां फ्री प्लान में सिर्फ 15GB स्टोरेज मिलता है। इस स्पेस में ईमेल, फोटो और अन्य फाइलें भी शामिल होती हैं, जिससे WhatsApp बैकअप के लिए जगह जल्दी खत्म हो जाती है।नई क्लाउड सर्विस आने से यूजर्स को ज्यादा स्टोरेज और फ्लेक्सिबिलिटी मिलने की उम्मीद है।

बढ़ती मांग के बीच नया कदम

यूजर्स लंबे समय से ज्यादा स्टोरेज और बेहतर बैकअप ऑप्शन की मांग कर रहे थे। ऐसे में WhatsApp का यह कदम न केवल यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाएगा, बल्कि कंपनी को अपने प्लेटफॉर्म पर ज्यादा कंट्रोल भी देगा।

अगर WhatsApp का खुद का क्लाउड स्टोरेज सिस्टम लॉन्च होता है, तो यह यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। ज्यादा स्टोरेज, बेहतर बैकअप ऑप्शन और थर्ड-पार्टी निर्भरता में कमी—ये सभी फायदे इसे खास बनाते हैं। अब देखना होगा कि कंपनी इस फीचर को कब तक सभी यूजर्स के लिए रोलआउट करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *