Jio, Airtel या Vi? किस टेलीकॉम कंपनी के यूजर्स उड़ाते हैं सबसे ज्यादा इंटरनेट, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े!

KNEWS DESK- Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea ने Q4FY26 के अपने तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं। इन आंकड़ों से यह साफ हो गया है कि किस टेलीकॉम कंपनी के ग्राहक सबसे ज्यादा मोबाइल डेटा खर्च कर रहे हैं और किस कंपनी का ARPU सबसे मजबूत बना हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, डेटा यूसेज के मामले में जियो ने बाकी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं एयरटेल अब भी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा ARPU बनाए हुए है।

डेटा यूसेज में सबसे आगे निकला Jio

Reliance Jio के ग्राहकों ने सबसे ज्यादा डेटा इस्तेमाल किया। कंपनी के अनुसार, हर ग्राहक का औसत मासिक डेटा यूसेज 42.3GB रहा, यानी रोजाना करीब 1.41GB डेटा खर्च किया गया।

जियो का ARPU बढ़कर 214 रुपये पहुंच गया है। कंपनी ने बताया कि उसके नेटवर्क पर कुल डेटा ट्रैफिक 66 बिलियन GB तक पहुंच गया।

जियो के मुताबिक, मार्च 2026 तक उसके 5G यूजर्स की संख्या 268 मिलियन हो गई है और कुल वायरलेस ट्रैफिक में 5G की हिस्सेदारी करीब 55 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

Airtel ने बनाए रखा सबसे ज्यादा ARPU

Bharti Airtel के ग्राहकों का औसत मासिक डेटा यूसेज 31.4GB रहा, यानी रोजाना लगभग 1.05GB डेटा इस्तेमाल किया गया।

हालांकि डेटा यूसेज में एयरटेल जियो से पीछे रहा, लेकिन ARPU के मामले में कंपनी सबसे आगे रही। एयरटेल का ARPU 257 रुपये दर्ज किया गया, जो इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा है।

कंपनी ने इस तिमाही में 27,985 मिलियन GB डेटा ट्रैफिक रिकॉर्ड किया। एयरटेल ने बताया कि उसने FY26 के दौरान 5.8 मिलियन नए स्मार्टफोन ग्राहक और 0.8 मिलियन नए पोस्टपेड यूजर्स जोड़े।

Vi के यूजर्स ने खर्च किया सबसे कम डेटा

Vodafone Idea यानी Vi के 4G और 5G ग्राहकों का औसत मासिक डेटा यूसेज 20.2GB रहा। यानी यूजर्स रोजाना करीब 673MB डेटा इस्तेमाल कर रहे हैं।

कंपनी का ब्लेंडेड ARPU बढ़कर 174 रुपये पहुंच गया। वहीं कुल नेटवर्क डेटा ट्रैफिक 7.8 बिलियन GB दर्ज किया गया।

Vi ने दावा किया कि उसका कस्टमर ARPU सालाना आधार पर 8.3 प्रतिशत बढ़ा है, जो इंडस्ट्री में सबसे तेज ग्रोथ मानी जा रही है। कंपनी के कुल सब्सक्राइबर 192.8 मिलियन रहे और फरवरी 2026 से नए ग्राहकों के जुड़ने का सिलसिला फिर पॉजिटिव हो गया है।

कौन सी कंपनी रही सबसे आगे?

अगर डेटा यूसेज की बात करें, तो Reliance Jio के ग्राहक सबसे ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं कमाई यानी ARPU के मामले में Bharti Airtel ने बाजी मारी है। दूसरी तरफ Vodafone Idea अब धीरे-धीरे अपने नेटवर्क और ग्राहक आधार को मजबूत करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *